दो और स्थानों पर छापा, बीस घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेण्डर बरामद

आगरा, 18 मार्च। जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को रोशन नगर, गोबर चौकी, ताजगंज क्षेत्र में आपूर्ति विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गैस की अवैध रिफलिंग की सूचना पर दो स्थानों पर छापा डालकर घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेण्डरों को बरामद किया।
रोशन नगर के दिनेश चौहान के मकान में ईशू चौहान पुत्र संतोष चौहान एवं योगेश ठाकुर पुत्र हाकिम सिंह घरेलू गैस सिलेण्डरों से कामर्शियल गैस सिलेण्डरों में गैस रिफलिंग करते पाये गये। मौके पर भूतल में एक कमरे में पांच कॉमर्शियल सिलेण्डर जिनमें दो एचपीसीएल, दो बीपीसीएल और एक आईओसीएल और नौ घरेलू सिलेण्डर जिनमें पांच आईओसीएल और चार बीपीसीएल के सिलेण्डर, एक इलैक्ट्रोनिक कांटा (क्षमता 50 किग्रा) और दो गैस रिफलिंग का औजार (बासुरी) बरामद किया गया।
ईशू चौहान एवं योगेश ठाकुर द्वारा घरेलू सिलेण्डरों का अवैध रूप से भंडारण कर उनको कॉमर्शियल सिलेण्डरों में अवैध रिफलिंग कर उनको ऊंचे दामों पर खुले बाजार में खरीद-फरोख्त किये जाने का कार्य किया जाता पाया गया।
यह कृत्य द्रवित पैट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 (यथा संशोधित) के प्राविधानों का स्पष्ट उल्ल्घंन है जो कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 (यथा सशोधित) की धारा 3/7 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध है। दोनों अभियुक्तों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही करायी जा रही है। 
इसके अलावा रोशन नगर के ही क्षेत्र में आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त छापे में एक मकान में 04 कामर्शियल एवं 02 घरेलू गैस सिलेण्डर पाये गये। ये मकान केशव का बताया गया। छापे से पहले ही मौके से केशव भाग गया। मकान में सिलेण्डरों के अतिरिक्त दो बांसुरी, 01 इलैक्ट्रानिक कांटा (50 किलो क्षमता), 27 सिलेण्डर सील कैप, 01 रेगुलेटर, 01 सिलेण्डर नोज बंक खोलने का रॉड मौके पर मिले। अभियुक्त केशव निवासी रोशन नगर, गोबर चौकी, ताजगंज के विरूद्ध विधिक कार्यवाही करायी जा रही है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments