आयकर विभाग आगरा की टीमों का मथुरा के दो नामी ज्वैलर्स के यहां सर्वे, दोपहर से शुरू हुआ एक्शन गुरुवार को भी जारी रहने की संभावना
आगरा, 18 मार्च। वित्तीय वर्ष की समाप्ति निकट आते ही आयकर विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। विभाग की आगरा रेंज टीम ने बुधवार को पड़ोसी जनपद मथुरा में दो बड़े सर्राफा कारोबारियों के यहां सर्वे किया। जांच टीमों ने एक साथ आधा दर्जन परिसरों पर पहुंच कर एक्शन शुरू किया। टीमों को देख कर न केवल दोनों कारोबारियों के यहां हड़कम्प मच गया बल्कि मथुरा के पूरे सर्राफा बाजार में भी सनसनी फैल गई।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अनुपमकांत गर्ग के निर्देशन में छह जांच टीमों ने दोपहर में मथुरा के समृद्धि ज्वैलर्स और ओड्रा ज्वैलर्स के तीन-तीन परिसरों पर कार्रवाई शुरू की। समृद्धि ज्वैलर्स का एक शोरूम अलीगढ़ में भी संचालित है। इसलिए एक टीम ने अलीगढ़ पहुंचकर छानबीन शुरू की। आयकर टीमों के साथ में पुलिस और बड़ी संख्या में पीएसी के जवान भी थे। एक साथ आए अफसरों और पुलिस, पीएसी को देखकर इन परिसरों में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
जांच टीमों ने सभी परिसरों में मौजूद लोगों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और लैपटॉप, कम्प्यूटर के साथ ही बहीखातों को खंगालना शुरू कर दिया। आय व्यय के लेखे-जोखे के साथ ही स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। कच्चे-पक्के कारोबार की स्थिति भी चेक की जा रही है।
समृद्धि ज्वैलर्स के संचालक लोकेश गर्ग और ओड्रा ज्वैलर्स के संचालक ऋषभ जैन बताए गए हैं। आयकर विभाग को दोनों के यहां बड़ी कर अपवंचना पकड़े जाने का भरोसा है। सूत्रों का दावा है कि ओड्रा ज्वैलर्स के यहां टैक्स चोरी का मामला कहीं अधिक बड़ा हो सकता है।
आयकर विभाग आगरा की इस कार्रवाई में करीब पांच दर्जन अफसर गहन जांच में लगे हुए हैं। कर अपवंचना का पता लगाया जा रहा है। यह कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रहने की संभावना है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments