तड़के एक और सड़क हादसा, मासूम बालिका समेत दो की जान गई

आगरा, 03 मार्च। यमुना एक्सप्रेस-वे पर तड़के भीषण सड़क दुर्घटना के कुछ ही देर बाद जनपद के बाह-फतेहाबाद मार्ग पर भी एक अन्य सड़क हादसे की दुःखद खबर आई। अरनोटा पुल पर तेज रफ्तार ट्रक और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की टक्कर में एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। 
खबरों के अनुसार, कार में एक ही परिवार के नौ लोग सवार थे। वे नोएडा से अपने पैतृक गांव अग्निपुरा, गोहद (भिंड, मध्य प्रदेश) होली मनाने जा रहे थे। मंगलवार की तड़के करीब 4:53 बजे कार चालक भूरी सिंह पुत्र सरनाम सिंह निवासी अनुपुरा थाना गोहद, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) अपनी पत्नी चंद्रिका, पुत्रियां अनन्या (11 वर्ष), शिवन्या (7 वर्ष), तनु (5 वर्ष) के अलावा अपने साथी रामकुमार (45 वर्ष) पुत्र बांकेलाल, उनकी पत्नी रेखा (40 वर्ष) तथा उनके बच्चे सुशांत (11 वर्ष) और मनदीप (8 वर्ष) के साथ नोएडा से गांव लौट रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में पांच वर्षीय तनु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आगे की सीट पर बैठे रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंस गए। पुलिस और राहत टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से कार को काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी। कार में सवार भूरी सिंह, चंद्रिका, अनन्या, शिवन्या, रेखा, सुशांत और मनदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments