अग्रवाल समाज के एक दर्जन व्यापारी नेता बोले- "व्यापारी की जाति उसका व्यापार, चैंबर चुनावों में जातिवाद न फैलाएं"

आगरा, 13 मार्च। अग्रवाल समाज से जुड़े एक दर्जन व्यापारी नेताओं ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता में व्यापारियों को जातिवाद से दूर रखने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के वार्षिक चुनावों में व्यापारियों को माथुर वैश्य और अग्रवाल के बीच बांटने के प्रयास हो रहे हैं। जबकि व्यापारी की जाति उसका व्यापार ही होती है।
कमलानगर स्थित एक होटल में आयोजित इस प्रेस वार्ता को संजय अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, सुनील बंसल, अनिल अग्रवाल गणपति, विजय सामा, राकेश अग्रवाल सीए, संजय गोयल, संजीव अग्रवाल बांकेबिहारी, आलोक अग्रवाल बीएम, योगेश जिन्दल, मोनिल अग्रवाल, सचिन सारस्वत, नितिन अग्रवाल ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि नेशनल चैम्बर व्यापारियों के हित में काम करने वाली प्रमुख संस्था है और हर वर्ग का व्यापारी इससे जुड़ा हुआ है। इन व्यापारियों के लिए अपना व्यापारिक धर्म ही सर्वोच्च है। माथुर वैश्य हों या अग्रवाल सभी वैश्य समुदाय से आते हैं। इनमें भेद की राजनीति करना गलत है। 
इस दौरान व्यापारी नेता विजय सामा ने कहा कि कुछ लोगों ने धार्मिक नगरी में खाई कसम को तोड़ा और अब वे ही लोग जातिवाद का झूठ गढ़ रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए भगवान का झूठा सहारा लिया गया। ऐसे लोगों को व्यापारी और उद्यमी अच्छी तरह से पहचान चुके हैं। उन्होंने चैंबर चुनाव में अध्यक्ष पद पर मनोज गुप्ता को जिताने की भी अपील की।
अन्य सभी वक्ताओं ने भी इसी तरह की बातों को दोहराते हुए कहा कि जब चुनाव होता है तो किसी की जीत और किसी की हार होती ही है, लेकिन ऐसी अफवाहों को नहीं फैलाया जाना चाहिए, जिससे चुनाव बाद कोई खाई पैदा हो या कटुता बढ़े।
प्रेस वार्ता के दौरान चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गिरीश गोयल, कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सतीश अग्रवाल के अलावा रवि सिंघल भी उपस्थित थे।
बता दें कि नेशनल चैम्बर के वार्षिक चुनावों के लिए शनिवार को मतदान होना है।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments