सिपाही के साथ लिव इन में रही युवती के आत्महत्या से पहले के वीडियो आए सामने- "चार साल तक पत्नी बनाकर रखा, शारीरिक उत्पीड़न किया, योगी और मोदी से उम्मीद है कि मुझे इंसाफ मिलेगा"
आगरा, 13 मार्च। थाना ताजगंज में तैनात सिपाही के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती के आत्महत्या करने के बाद उसके दो वीडियो सामने आये। युवती की मौत के बाद गुरुवार को सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सिपाही को जेल भेज दिया।
खबरों के अनुसार, आत्महत्या से पहले रोते हुए युवती ने दो वीडियो अपने फोन में बनाए। एक वीडियो दो मिनट का है, दूसरा वीडियो एक मिनट, 13 सेकेंड का है। युवती वीडियो में कह रही है- मैं जान दे रही हूं, जेबी गौतम और उसका पूरा परिवार मेरे मरने की वजह है। कानून से मुझे कोई उम्मीद नहीं है। मैं चाहती हूं, मुझे इंसाफ मिले। सीएम योगी और पीएम मोदी से इतनी तो उम्मीद है कि मुझे इंसाफ मिलेगा। जेबी गौतम ने चार साल तक पत्नी बनाकर रखा और शारीरिक उत्पीड़न किया। एक बात पता चल गई है, लड़कों का कुछ नहीं होता है, वह कुछ भी कर लें, उनका कुछ नहीं बिगड़ता है। आज मुझे ताजगंज थाने में बैठकर यही पता चला, वहां मुकदमा दर्ज कराने गई, इस केस में कुछ नहीं होगा, वह निकल जाएगा, क्या यही कानून है। जो हमारी रक्षा के लिए बैठे हैं, वही यह कहने लगें कुछ नहीं होगा तो हम कहां जाएं हमारे पास कोई और जगह नहीं है, मरने के अलावा।
सात साल पहले हो गया था पति से तलाक
कासगंज क्षेत्र में रहने वाली 34 वर्षीय युवती की 13 साल पहले शादी हुई थी। शादी के छह साल बाद पति से तलाक हो गया। युवती आगरा के एक हास्पिटल में नौकरी करने लगी। यहां उसकी पहचान कमिश्नरेट में तैनात कंप्यूटर आपरेटर (सिपाही) जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम निवासी गांव सरदापुर, सिकंदरा कानपुर देहात से हो गई।
चार साल से लिवइन रिलेशनशिप में थे
दोनों चार साल से लिवइन रिलेशनशिप में थे और ताजगंज क्षेत्र में एक फ्लैट में रह रहे थे। युवती ने शादी के लिए कहा तो जेबी गौतम टालता रहा। घर वाले भी शादी के खिलाफ थे। शारीरिक शोषण से परेशान युवती ने आत्महत्या से पहले ताजगंज थाने में शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई की जगह सलाह दी कि उसे छोड़ दो, मुकदमा दर्ज मत कराओ तुम भटकोगी। इसके बाद युवती ने बुधवार रात करीब 10 बजे सदर में राजपुर चुंगी में रहने वाली छोटी बहन के घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
युवती की मौत के बाद उसके पिता की तहरीर पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी सिपाही सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व शादी का झांसा देकर संबंध रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
मृतका के भाई ने बताया कि वह दो भाई और तीन बहनें हैं। बहन किस तरह की परेशानी से जूझ रही है, इसकी जानकारी नहीं थी। घर में भी उसने इसका जिक्र नहीं किया था। लखनऊ से बहन ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स भी किया था। युवती इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी। सिपाही के साथ कई वीडियो उसके एकाउंट पर मौजूद है। एक वीडियो में सिपाही मांग भरते हुए नजर आ रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments