बंद पड़े घर की छत का टट्टर उखाड़कर लाखों की चोरी
आगरा, 07 मार्च। थाना फतेहपुर सीकरी के मोहल्ला नगला मालियान में बंद पड़े एक मकान से अज्ञात चोर ने छत का टट्टर उखाड़कर लाखों रुपये के आभूषण और हजारों की नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार, नगला मालियान निवासी रविन्द्र कुमार पुत्र निहाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विगत दो मार्च को वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव श्यामो चले गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और कमरे अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि घर से दो सोने की जंजीर, पांच अंगूठियां, एक जोड़ी पायल और करीब 20 हजार रुपये नकद गायब हैं।
पीड़ित परिवार ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति छत का टट्टर काटकर घर के अंदर घुसता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में वह घर के कमरों में घूमते और सामान खंगालते हुए नजर आ रहा है।
जानकारी मिलते ही सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments