आगरा कॉलेज की संपत्ति पर कुदृष्टि बर्दाश्त नहीं- स्टॉफ क्लब ने भरी हुंकार!
आगरा, 07 मार्च। आगरा कॉलेज स्टॉफ क्लब ने कॉलेज की भूमि और परिसंपत्तियों पर किसी भी तरह के कब्जे या हस्तांतरण के प्रयास के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। कहा जा रहा है कि व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी की ओर से कॉलेज की भूमि व्यापारियों को देने के संबंध में ज्ञापन देने की जानकारी मिली है।
स्टाफ क्लब के सचिव प्रो. विजय कुमार सिंह का कहना है कि कुछ स्वार्थी और अराजकतत्व कॉलेज की भूमि पर नजर गड़ाए हुए हैं। इस दो सौ से अधिक वर्ष पुराने ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान की संपत्ति पर कुदृष्टि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रो. सिंह ने कहा कि आगरा कॉलेज भविष्य में राज्य या केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने की दिशा में प्रयासरत है, जिसके लिए वर्तमान भूमि और अवसंरचनाएं भी कम पड़ सकती हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेट्रो रेल परियोजना के दौरान पूर्व प्राचार्य की मिलीभगत से कॉलेज का क्रीड़ांगन बिना वैध प्रक्रिया और मुआवजे के ले लिया गया। गजट दस्तावेजों के अनुसार कॉलेज के पास लगभग 340 बीघा भूमि है और इसके किसी भी हिस्से पर कब्जे की कोशिश का जवाब दिया जाएगा। नागरी प्रचारिणी से लेकर संपूर्ण राजा की मंडी तक की भूमि एक ही खसरा नंबर में स्थित है जिसका विधिक स्वामित्व आगरा कॉलेज के पास है।
संगठन ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से भी संस्थान की भूमि और दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments