आगरा में मुख्यमंत्री योगी बोले- पहले वन-डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया होता था, हमने सत्रह मेडिकल कॉलेज से 81 किए, निजी क्षेत्रों का पूर्ण समर्थन
आगरा, 07 मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां कहा कि नेशनल मेडिकल एसोसिएशन ने शर्तों को सरल किया है, यही सर्वोत्तम समय है, जब उत्तर प्रदेश के नौजवानों को उत्तम मेडिकल शिक्षा मिले। मुख्यमंत्री यहां एक निजी अस्पताल का शुभारंभ कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 17 मेडिकल कॉलेज थे, आज 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं व कार्य कर रहे हैं, पहले वन-डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया होता था, उनकी सोच माफिया तक सीमित थी और उन्होंने माफिया पैदा किए। हमने स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक को देने का संकल्प लिया।
उन्होंने निजी क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल या मेडिकल कॉलेज स्थापित करने पर सरकार द्वारा पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। साथ ही कहा कि सरकार की अपनी सीमाएं हैं, निजी निवेश भी आवश्यक है, स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए सरकार द्वारा पॉलिसी लाई गई है, जिन जनपदों में आवश्यक हो, निजी क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं को देने में सहयोग कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार, समाज एवं संस्थाएं एक दिशा में कार्य करती हैं, तो आमजन में विश्वास बनता है, यह हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, आज उत्तर प्रदेश विश्वास का प्रतीक है।
इससे पहले मुख्यमंत्री के आगमन पर खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। यहां से मुख्यमंत्री फतेहाबाद रोड स्थित होटल अमर कन्वेंशन सेन्टर पहुंचे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा संगठन की बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने नये भारत व नये उप्र के विकास यात्रा को विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में नई मेडिकल टेक्नोलॉजी लाने हेतु आईआईटी कानपुर एवं एसजीपीजीआई लखनऊ में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन रहे हैं। दवाओं का उत्पादन यूपी में हो इसके लिए ललितपुर में 1500 एकड़ फार्मा पार्क विकसित हो रहा है तथा आगरा से 1 घंटे की दूरी पर यमुना एक्सप्रेसवे पर 350 एकड़ में इक्यूपमेंट, मेन्यूफेक्चरिंग का मेडिकल डिवाइस पार्क स्थापित हो रहा है।
कार्यक्रम में संत विजय कौशल महाराज, केंद्रीय मंत्री प्रो एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष डा मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायकगण रानी पक्षालिका सिंह, जीएस धर्मेश, बाबूलाल, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, संगठन महामंत्री धर्मपाल, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक प्रदीप भाटी भी उपस्थित रहे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments