हादसा: जवाहर पुल के नीचे यमुना में दो किशोर डूबे
आगरा, 23 मार्च। जवाहर पुल के नीचे यमुना नदी में दो किशोरों के डूब जाने की खबर है। सोमवार की शाम छह बजे करीब हुए इस हादसे के बाद पुलिस के गोताखोर उन्हें ढूंढने में जुट गए, देर शाम तक उनकी तलाश जारी थी। दोनों किशोर बलकेश्वर कालोनी के लाल मस्जिद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार थाना एत्माददुदौला थाना क्षेत्र में जवाहर पुल के नीचे दोनों किशोर यमुना नदी में नहाने के लिए उतरे थे। नहाने के दौरान वे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। दोनों किशोरों के परिवार के लोग बदहवास होकर घटनास्थल पर पहुंच गए।
डूबने वाले किशोरों की पहचान हर्षित (14 वर्ष) पुत्र सतीश, निवासी लाल मस्जिद वाटर वर्क्स और राहुल (17 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी लाल मस्जिद वाटर वर्क्स के रूप में हुई। लोगों ने बताया कि मेट्रो के लिए बनाए जा रहे पुल के निर्माण कार्य के पास दोनों बैठे थे। इसके बाद वे नहाने के लिए उतर गए और अचानक गहरे पानी में डूबने लगे।
सूचना मिलते ही कमला नगर और एत्माददुदौला थानों की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में दोनों किशोरों की तलाश की जाती रही। हर किसी की निगाहें यमुना की लहरों पर टिकी रहीं, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments