ऑटो चालक ने कक्षा छह की छात्रा से की छेड़खानी चलते ऑटो से बाहर फेंका

आगरा, 23 मार्च। थाना ताजगंज क्षेत्र में एक ऑटो रिक्शा चालक ने सोमवार को कक्षा छह की छात्रा छेड़खानी की और विरोध करने पर उसे ऑटो रिक्शा से बाहर फेंक दिया। आसपास से गुजरते लोगों ने पीछा कर ऑटो रुकवाया और चालक की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। सड़क पर गिरने से छात्रा घायल हो गई, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 12 वर्षीया पीड़ित छात्रा थाना एकता क्षेत्र की निवासी है। उसके पिता कबाड़ का काम करते हैं। वह पुरानी मंडी स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है। सोमवार को परीक्षा देने स्कूल गई थी। सुबह करीब 11 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर घर के लिए निकली थी। कैलाश टॉकीज के पास से उसने हाथ देकर एक ऑटो रिक्शा को रुकवाया। उसमें पहले से तीन-चार लोग सवार थे। बसई सब्जी मंडी के पास सवारियां उतर गईं। ऑटो रिक्शा में छात्रा अकेली थी। यह देख चालक उसके साथ छेड़खानी करने लगा और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। इससे छात्रा दहशत में आ गई। उसने शोर मचाया। इस पर चालक ने उसे चलते ऑटो रिक्शा से धक्का दे दिया, जिससे उसके हाथ और सिर में गंभीर चोट आई। यह दृश्य देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने भागते हुए ऑटो रिक्शा को पीछा कर रुकवा लिया और चालक को पकड़ लिया।
घायल छात्रा ने पुलिस को बताया कि ऑटो में अकेले देख चालक ने रास्ता बदलने का भी प्रयास किया था। यह देखकर उसने विरोध शुरू कर दिया। इस पर चालक ने छेड़खानी शुरू कर दी। फिर भी वह उसका विरोध करती रही। ऑटो रिक्शा से गिरने की वजह से उसके सिर और हाथ में चोट लगी। 
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि मामले में छात्रा की मां की तहरीर पर पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ऑटो चालक गढ़ी नवलिया निवासी शमसुद्दीन है। उससे पूछताछ की जा रही है। वह तोरा इलाके से ताजगंज तक ऑटो रिक्शा चलाता है।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments