आगरा में ढाई सौ स्कूली बसों की फिटनेस वैधता खत्म!
आगरा, 23 मार्च। संभागीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी का कहना है कि जिले में ढाई सौ से अधिक स्कूली बसों की फिटनेस वैधता समाप्त हो चुकी है। अगर बिना फिटनेस के ये बसें स्कूलों द्वारा संचालित पाई गईं तो सख्त कार्रवाई होगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि हादसा होने पर न सिर्फ स्कूल की मान्यता समाप्त होगी बल्कि एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधनों को निर्देशित किया कि किसी भी वाहन से स्कूली बच्चों को भेजने से पूर्व सम्बन्धित वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा (वाहन की फर्श ठीक हो, खिड़कियों पर जाली अथवा रॉड समुचित तरीके से लगी हो आदि) का निरीक्षण समय-समय पर करते रहें तथा वाहन के प्रपत्रों की वैधता की जाँच के उपरान्त ही बच्चों को भेजें इसके अलावा यह भी देख लें कि चालक नाबालिग न हो, नशे की हालत में न हो, तीव्र गति से वाहन न चला रहा हो तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस वैध हो।
उन्होंने फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों के स्वामियों (प्रबंधक /प्रधानाचार्य) को निर्देशित किया कि जब तक कि वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा तथा प्रपत्र ठीक नहीं हो जाते ऐसे वाहनों से किसी भी दशा में बच्चों का परिवहन नहीं करेंगे। यदि ऐसे किसी वाहन के द्वारा बच्चों का परिवहन किया जाता है व कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो समस्त उत्तरदायित्व विद्यालय प्रबंधन का होगा और उसके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा पंजीकृत करा दिया जाएगा तथा विद्यालय की मान्यता प्रत्याहरण हेतु सम्बन्धित को संस्तुति कर दी जाएगी।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वह स्कूली वाहनों को खुद भी चेक करें और फिटनेस न होने पर बच्चों को इन वाहनों से स्कूल न भेजें।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments