फायर ब्रिगेड ने सत्तर फीट गहरे कुएं से बचाईं दो जिन्दगियां, चार पिल्लों में से दो सुरक्षित निकाले, दो मृत पाए गए, नगर पालिका ने कर दिए थे हाथ खड़े

आगरा, 06 मार्च। आग या अन्य हादसों में फंसे लोगों को बचाने वाली फायर ब्रिगेड ने शुक्रवार को कुएं में फंसी दो नन्हीं जान को बचाने में भी प्रमुख भूमिका निभाई। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र में सत्तर फीट गहरे सूखे कुएं में गिरे कुत्ते के दो पिल्लों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुत्ते के चार पिल्ले इस कुएं में तीन दिन पहले गिर गए थे। इनमें से दो ने दम तोड़ दिया, जबकि दो निरंतर रो रहे थे। कुएं के निकट से गुजरते किसी ग्रामीण ने उनका रुदन सुना तो आस-पास के निवासियों और पुलिस को खबर दी। 
यह हादसा एत्मादपुर की बाईपास मार्ग के निकट ब्राइट लैंड कॉलोनी में गर्ग कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित सूखे कुएं में हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नगरपालिका को सूचित किया, लेकिन नगर पालिका कर्मियों ने हाथ खड़े कर दिए। उनका कहना था कि उनके पास पिल्लों को कुएं से निकालने का इंतजाम नहीं है। इस पर फायर ब्रिगेड के बरहन कार्यालय को सूचित किया गया। 
बरहन क्षेत्र का भी कार्यभार देख रहे संजय प्लेस फायर ऑफिस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि दोपहर दो बजे करीब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। सत्तर फीट गहरे कुएं में जहरीली गैस होने की भी आशंका थी। कुएं में नीम की पत्तियां डालकर और जलती मोमबत्ती नीचे लटकाकर गैस की जांच की गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने अपने जवान हिमांशु को रस्सी और हार्नेस का उपयोग करके कुएं में उतारा। हिमांशु ने दो पिल्लों को जीवित निकाल लिया, जबकि दो पिल्ले कुएं में मृत पाए गए। पूरे बचाव कार्य में दो घंटे का समय लगा।
सुरक्षित निकाले गए पिल्लों को क्षेत्रीय चौकीदार को सौंप दिया गया। अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने फायर ब्रिगेड के जवान हिमांशु के साहस की प्रशंसा करते हुए उन्हें विभाग से पुरस्कृत कराने के लिए अनुशंसा करने का निर्णय लिया है।
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments