सभी नागरिकों की बनेगी आभा आईडी, लिंक रहेगा मरीज के इलाज का संपूर्ण रिकॉर्ड
आगरा, 13 मार्च। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण की सचिव एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन उतर प्रदेश की मिशन निदेशक रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आयुष्मान डिजिटल मिशन की आगरा और अलीगढ मण्डल की मण्डलीय कार्यशाला शुक्रवार फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई।
कार्यशाला में बताया गया कि वर्ष 2022 से प्रदेश के सभी नागरिकों की डिजिटल स्वास्थ्य आई डी-आभा आईडी (आयुष्मान भारत डिजिटल आईडी) सृजन का कार्य चल रहा है जिसके अंतर्गत नागरिकों द्वारा आभा एप पर स्वयं या समीप के चिकित्सालयों में आभा आईडी बनवा सकते है। आशा, एएनएम, सीएचओ द्वारा आभा आईडी बनाई जा रही है, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कालेज में पंजीकरण के समय ही आभा आईडी बनाई जा रही है। आभा आईडी से जुड़े हुए हेल्थ रिकॉर्ड -जाँच, इलाज एक ही स्थान पर हमेशा के लिए संकलित रहेंगी और कहीं भी कभी भी आभा आईडी से समस्त स्वास्थ्य सम्बंधित जानकारी व पूर्व में कराए गए इलाज इतिहास जाना जा सकेगा। कार्यशाला के दौरान आभा आईडी बनने की जनपद वार समीक्षा की गयी।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की निदेशक रितु माहेश्वरी ने मण्डलीय कार्यशाला में बताया कि सभी नागरिकों की आभा आईडी बनाई जानी है। सभी चिकित्सा इकाई व स्वास्थ्य संस्थान के हेल्थ फैसिलिटी रजिस्टर (एचएफआर), सभी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के यूनिक हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर), पर्सनल हेल्थ रजिस्ट्री (पीएचआर) तथा हेल्थ इनफार्मेशन सिस्टम (एचआईएस), ये पांच कम्पोनेंट मिलकर एक इकोसिस्टम बनाते हैं जिससे कभी भी किसी मरीज द्वारा आभा आईडी से जुड़ा हेल्थ रिकॉर्ड देखा जा सकता है और अपनी सहमति के आधार पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एकीकृत चिकित्सा इकाई पर शेयर कर सकता है। डाटा पूरी तरह से सुरक्षित और गोपनीय रहेगा।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के सयुंक्त निदेशक डॉ. मोहित सिंह ने कार्यशाला मे डिजिटल प्रजेंटेशन प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्वास्थ्य सम्बंधित डाटा ऑनलाइन फार्म में आभा आईडी से लिंक रहेगा और सुरक्षित रहेगा, जिसमें कोई भी एडिटिंग नहीं की जा सकेगी। रोगियों को भौतिक रूप में पर्चे रिपोर्ट आदि ले जाने से मुक्ति मिलेगी।
कार्यशाला में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण आगरा मंडल एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अलीगढ डॉ. मोहन झा, जिला चिकित्सालय आगरा के एसआईसी डॉ. राजेंद्र अरोड़ा, जनपद मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ, एटा, कासगंज, मथुरा, हाथरस के मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा डॉ ऋषि गोपाल,डॉ सुरेंद्र मोहन, कुलदीप भारद्वाज, पंकज जायसवाल, शैलेन्द्र शर्मा, दिलीप, मंडलीय कार्यशाला में दोनों मण्डलों के प्रमुख निजी चिकित्सक डॉ. पूनम अग्रवाल, अध्यक्ष आईएमए फिरोजाबाद, डॉ अंकुर बंसल आगरा तथा मंडल में स्थित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक उपस्थित रहे। मंच का संचालन डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन द्वारा किया गया।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments