कभी हार न मानने की ललक ही मेरी कहानी- दीप्ति शर्मा || टाटा मोटर्स ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर को भेंट की टाटा सिएरा
आगरा, 19 मार्च। टाटा मोटर्स कंपनी और उसके स्थानीय डीलर अशोक ऑटो सेल्स द्वारा गुरुवार को संजय प्लेस स्थित कंपनी परिसर में आयोजित समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को टाटा सिएरा कार भेंट की गई। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और अन्य अतिथियों ने उन्हें कार की चाबी सौंपी।
गौरतलब है कि पिछले महीनों में महिला विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट जीतने वाली भारतीय टीम की सभी सदस्यों को टाटा मोटर्स कंपनी ने एक-एक टाटा सिएरा कार भेंट करने की घोषणा की थी। इसी के तहत ताजनगरी निवासी और भारतीय टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को कार भेंट की गई।
लगभग डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुए समारोह में 51 गेंदों से विशेष रूप से तैयार माला पहनाकर दीप्ति शर्मा का अभिनंदन किया गया। संवाद सत्र में अशोक ऑटो सेल्स की प्रबंध निदेशक डॉ. रंजना बंसल ने दीप्ति शर्मा से उनके जीवन और करियर से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे।
दीप्ति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाई सुमित को दिया और कहा कि माता-पिता का भी पूरा सहयोग रहा।व्यक्तिगत जीवन पर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके जीवन में सिर्फ क्रिकेट ही प्राथमिकता है।
अपने सफर को एक पंक्ति में बताते हुए उन्होंने कहा—“कभी हार न मानने की ललक ही मेरी कहानी है।”
उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि “बड़ी सोच, बड़ा सपना, फोकस और अनुशासन—यही सफलता का मंत्र है।” दीप्ति ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जैसे क्रिकेट की जर्सी उन्हें उत्साह देती है, वैसे ही पुलिस की वर्दी उनके भीतर देशभक्ति का जज्बा बढ़ाती है। दीप्ति ने बताया कि क्रिकेट में उन्हें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों ही पसंद हैं और वह एक ऑलराउंडर के रूप में टीम में योगदान देना चाहती हैं। अगर वह क्रिकेटर नहीं होतीं, तो बैडमिंटन खिलाड़ी बनना पसंद करतीं। उन्होंने यह भी साझा किया कि वह सोने से पहले नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करती हैं। अपनी पसंदीदा चीजों में उन्होंने मां के हाथ के पराठे और जीत के बाद गोलगप्पे खाने का जिक्र किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान गणेश की वंदना से हुआ। इस्कॉन टीम द्वारा स्वस्ति वाचन किया गया। इस अवसर पर अभिनव मौर्य, भरत बंसल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश तथा टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि नितुल शर्मा, प्रसून सिंह और सिद्धार्थ वर्मा, आगरा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशन, पूरन डावर, गिरीश गुप्ता, सुधीर नारायण, राजेंद्र सचदेवा, राजेश गोयल, यदुराज गोयल, संजीव चौबे, राजेंद्र सचदेवा, मीनाक्षी पोपली, अशोक चौबे, डॉ. मुनीश्वर, गोपाल गुप्ता समेत अनेक लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments