रोडवेज बस की महिला परिचालक को पुलिस ने पीटा! पब्लिक के सामने रोई, लगाई न्याय की गुहार
आगरा, 23 जून। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी पर रोडवेज बस की महिला परिचालक को पीटने के आरोप लगे हैं। घटना के दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने विरोध जताया तो पुलिस पर मोबाइल फोन छीनने के भी आरोप लगे। महिला लोगों के सामने रो पड़ी और शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए न्याय की गुहार लगाती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर सेटेलाइट बस स्टेशन के सामने रोडवेज बसों में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। महिला परिचालक ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष से सांठगांठ करने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे चौकी के अंदर बंद कर थप्पड़ मारे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
खंदौली थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी उपासना फाउंड्री नगर डिपो में परिचालक के पद पर तैनात हैं। उनका आरोप है कि दूसरे डिपो के चालक और परिचालक से सवारी भरने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। उपासना का कहना है कि वह सुबह से बस संचालन के लिए खड़ी थीं और उन्हें मेरठ के दो चक्कर लगाने होते हैं। इसी दौरान दूसरे पक्ष चालक ने डंडों से हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उनके चालक साथी को ही सरेराह पीटते हुए चौकी ले गई। आरोप है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने महिला को बूथ के अंदर बंद कर थप्पड़ों से पीटा। घटना के दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस पूरे मामले में एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने मीडिया से कहा कि सवारी भरने को लेकर मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के चालकों को शांतिभंग में दाखिल कर दिया है। पुलिस ने मारपीट नहीं की, केवल चौकी पर पूछताछ की गई थी।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments