गैस सिलेंडरों की किल्लत से परेशान व्यापारियों को प्राथमिकता पर दिए जाएंगे पीएनजी कनेक्शन

आगरा, 19 मार्च। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की किल्लत का सामना कर रहे जिले के मिष्ठान/पेठा व्यवसासियों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी व्यवसायिक कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह आश्वासन डीजीएम ग्रीन गैस लिमिटेड ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिया। उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ उनकी पाइपलाइन है, वहाँ पंजीकरण कराने पर सर्वे के उपरान्त प्राथमिकता पर व्यवसायिक कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जायेगा। 
जनपद के मिष्ठान/पेठा व्यवसासियों तथा व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक में आयल कम्पनियों के विक्रय प्रबन्धक द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में घरेलू गैस सिलेण्डर कोई कमी नहीं है। केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा व्यवसायिक सिलेण्डरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगायी गयी है। मंत्रालय की अनुमति के उपरान्त ही व्यवसायिक सिलेण्डर उपलब्ध हो सकेंगे।
बैठक में व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि जनपद के टीटीजेड में आने के कारण ईधन के रूप में केवल प्राकृतिक गैस के उपयोग करने की अनुमति है। अतः व्यवसायिक सिलेण्डर न मिलने के कारण उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिलाधिकारी द्वारा व्यवसासियों को आश्वासन दिया गया कि व्यावसायिक सिलेण्डरों की आपूर्ति में आ रही समस्याओं के निराकरण कराये जाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति), आयल कम्पनियों के विक्रय प्रबन्धक सहित ग्रीन गैस के डीजीएम आदि उपस्थित रहे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments