सेंट पैट्रिक्स जूनियर कालेज पर पांच लाख रुपये जुर्माना, आठ अन्य स्कूलों की जांच के निर्देश
आगरा, 23 मार्च। सेंट पैट्रिक्स जूनियर कालेज पर यूनिफार्म और पुस्तकों की बिक्री के मामले में सरकारी आदेश न मानने पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। तय किया गया कि स्कूलों के विरुद्ध मिल रही शिकायतों पर अब छापामार कार्रवाई होगी और रिपोर्ट के आधार पर दोषी स्कूलों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आठ स्कूलों की जांच के निर्देश शिक्षाधिकारियों को दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के इस प्रमुख गर्ल्स कॉन्वेंट स्कूल पर नए सत्र में स्कूल परिसर में काउंटर लगाकर यूनिफार्म बेचने और चिह्नित विक्रेता से अभिभावकों को जबरन पुस्तकें खरीदने के निर्देश देने के आरोप हैं। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने स्कूल प्रबंधन को आरोपों का दोषी मानते हुए दो लाख का जुर्माना वसूलने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी मामले में बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ ने भी स्कूल पर सख्त कार्रवाई की। उन्होंने स्कूल पर कुल पांच लाख का जुर्माना वसूलने के लिए नोटिस भेजने की बात कही। साथ ही मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा है।
बताया गया है कि पिछले गुरुवार को एक शिकायत पर जीआईसी के प्रधानाचार्य डा. मानवेंद्र सिंह और खंड शिक्षाधिकारी बाह अमरनाथ ने सेंट पैट्रिक्स जूनियर कालेज में छापा मारा था। इस दौरान उन्हें स्कूल के अंदर काउंटर लगाकर यूनिफार्म बेची जाती हुई मिली थी।
स्कूल परिसर में मिले अभिभावकों ने बताया कि स्कूल ने उन्हें संजय प्लेस स्थित माहेश्वरी बुक डिपो से ही पुस्तकें खरीदने के निर्देश दिए हैं। इस पर दोनों अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी थी, जिसे जिलाधिकारी ने तलब कर लिया।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने शिकायतों और उसके बाद हुई छापेमारी में मिले हालात पर नाराजगी जताई। साथ ही स्कूल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में बेसिक, माध्यमिक शिक्षक और अभिभावकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments