शास्त्रीपुरम में प्राची टावर के खाली प्लॉट में रोता मिला नवजात शिशु

आगरा, 24 मार्च। थाना सिकंदरा के अंतर्गत शास्त्रीपुरम के निकट प्राची टावर चौकी क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक खाली प्लॉट में लावारिस नवजात शिशु रोता हुआ मिला। क्षेत्रीय लोगों की सतर्कता से बच्चे की जान बचाई जा सकी।
सुबह क्षेत्र के निवासियों ने शिशु के रोने की आवाज़ सुनी। आवाज़ का पीछा करते हुए वे एक खाली प्लॉट तक पहुंचे, तो देखा कि एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा रो रहा है। यह देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इस बीच, चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित कर दिया  गया। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम प्रभारी ब्रजेश गौतम भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और उसकी देखभाल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह बच्चा यहां किसने छोड़ा। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments