सर्राफ को लूटने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में दबोचे, एक के पैर में गोली लगी
आगरा, 23 मार्च। थाना जगदीशपुरा पुलिस टीम एवं सर्विलांस/एसओजी टीम नगर जोन ने बिचपुरी में सर्राफ से आठ लाख रुपये के जेवरात की लूट के तीन आरोपियों को विगत रात्रि मुठभेड़ में दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली भी लगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिचपुरी से रुनकता वाले मार्ग पर गांव सदरवन के पास छह दिन पहले 17 मार्च को लूट हुई थी। गांव अटूस निवासी नीरेश बिचपुरी में अपनी दुकान बंद कर रिश्तेदार युवक के साथ बाइक से घर जा रहे थे। पीछा करते हुए आए तीन बदमाशों ने जेवरात से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एक बाइक पर तीन बदमाश जाते नजर आए।
इसमें से एक का चेहरा साफ था। उसकी फोटो को यक्ष एप में डाला गया। उसके खिलाफ कुछ प्राथमिकी दर्ज थीं। इस पर पुलिस उसके घर तक पहुंच गई। वह भागा हुआ है। पुलिस ने उसके कई सहयोगियों को शक के आधार पर थाने लाकर पूछताछ की। इसके बाद पुलिस को लूट में सुराग मिल गए।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपी रोहित गोस्वामी, अंकित भगौर, प्रिंस को पथौली नहर के पास से पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी रोहित गोस्वामी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इससे पहले पुलिस ने सात लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments