एक और दरोगा रिश्वतखोरी के आरोप में निलम्बित!
आगरा, 19 मार्च। पुलिस कमिश्नरेट में 24 घंटे के भीतर पुलिसकर्मियों की रिश्वतखोरी से जुड़ी दूसरी वीडियो वायरल हुई। अछनेरा थाने में तैनात एसएसआई जितेंद्र यादव पर भी रिश्वतखोरी और लेन-देन के गंभीर आरोपों लगे। उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
इससे पहले कारगिल युद्ध लड़ चुके पूर्व सैनिक से 20 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में एसआई मानवेंद्र गंगवार को निलंबित किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अछनेरा थाने में तैनात एसएसआई जितेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन पर पैसों के लेन-देन के आरोप लगाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एसएसआई डायरी में पैसों का हिसाब-किताब दर्ज करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार ने एसएसआई जितेंद्र यादव को तत्काल निलंबित कर दिया। विभागीय जांच की तैयारी भी तेज कर दी गई।
लगातार दो मामलों में पुलिसकर्मियों के निलंबन से स्पष्ट है कि वरिष्ठ अफसर भ्रष्टाचार के आरोपों को हल्के में नहीं ले रहे हैं, लेकिन साथ ही बड़ा सवाल यह भी है कि क्या सिर्फ निलंबन से थानों में जमे भ्रष्ट नेटवर्क खत्म होंगे? इन मामलों ने यह साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया अब पुलिस भ्रष्टाचार के खुलासे का मंच बनता जा रहा है। पहले जहां ऐसे मामलों की शिकायतें दब जाती थीं, वहीं अब वीडियो सामने आते ही विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ रही है। जरूरत इन दोनों मामलों को उदाहरण बनाकर व्यापक सफाई अभियान चलाने की है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments