Agra News: खबरें आगरा की...

रिवर कनेक्ट कैंपेन ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
आगरा, 18 मार्च। रिवर कनेक्ट अभियान ने बुधवार को राष्ट्रपति को  ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें ब्रज मंडल (मथुरा, वृंदावन, आगरा एवं संपूर्ण ब्रज क्षेत्र) में यमुना नदी की दयनीय स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है तथा इसके तत्काल पुनरुद्धार एवं पारिस्थितिकीय-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु निर्णायक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि ब्रज में यमुना अत्यधिक प्रदूषित हो चुकी है। इसका प्राकृतिक एवं निर्बाध प्रवाह बुरी तरह बाधित हो गया है। कई स्थानों पर नदी एक स्थिर, विषैली जलधारा में सिमट कर रह गई है। दिल्ली से लेकर मथुरा-वृंदावन-आगरा तक अनुपचारित सीवेज, औद्योगिक कचरा, फोम एवं जहरीले प्रदूषकों के कारण यमुना एक गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है। राष्ट्रपति की तीन दिवसीय ब्रज यात्रा गुरुवार से प्रारंभ हो रही है। इस अवसर पर यमुना के जीर्णोद्धार हेतु निर्णायक निर्देश दिए जाएं। ज्ञापन में संबंधित मंत्रालयों– जल शक्ति, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को त्वरित उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग की गई है। ज्ञापन भेजने वालों में बृज खंडेलवाल, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, अभिनव, चतुर्भुज तिवारी, राहुल, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर, मुकेश चौधरी, ज्योति, विशाल झा, शाश्वत गौतम, राज कुमार माहेश्वरी, निधि पाठक, दिनेश शर्मा शामिल हैं।
_________________________________________
सांसद चाहर ने लोकसभा में की आलू बोर्ड की माँग
आगरा, 18 मार्च। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बुधवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2025-26 के तहत कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने की मांग रखते हुए कहा कि देश को हर वर्ष लगभग 42 हजार करोड़ रुपये का दलहन आयात करना पड़ता है। उन्होंने बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र में दलहन उत्पादन को बढ़ाने के लिए विशेष योजना बनाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहाकि साउथ एशिया के लिए अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की शाखा उनके संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के गांव सींगना में स्थापित की जा रही है। कृषि क्षेत्र से जुड़े भूमिहीन मजदूरों के लिए भी एक विशेष समिति बनाई जानी चाहिए, जो उनकी समस्याओं का अध्ययन कर समाधान प्रस्तुत करे। साथ ही कोल्ड स्टोरेज पर बिजली दरों में सब्सिडी देने या घरेलू दरों के समान शुल्क लागू करने की बात कही।
_________________________________________
औयस्का जापान प्रतिनिधिमंडल के साथ विकास पर मंथन
आगरा, 18 मार्च। वृद्धजन सम्मान समिति ने बुधवार को औयस्का इंटरनेशनल, जापान के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक बैठक प्रतापपुरा स्थित एक बैंक्वेट हॉल में की। 
डॉ. गिरीश गुप्ता ने बताया कि बैठक में शहर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक तकनीकी, पर्यावरणीय एवं पर्यटन विकास के समन्वित दृष्टिकोण पर चर्चा हुई। कर्नल मनोहर नायडू द्वारा दो महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, पहला प्रस्ताव आगरा में प्लानेटेरियम की स्थापना से संबंधित था। इस पर औयस्का इंटरनेशनल, जापान के प्रबंध निदेशक श्री मोरिता अकीरा ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस परियोजना के लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा सकता है। दूसरा प्रस्ताव जापानी उद्यान की स्थापना का था, जो औयस्का की कृषि एवं पर्यावरणीय गतिविधियों के अनुरूप है यह उद्यान आगरा के पारिस्थितिक संतुलन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शहर की सौंदर्य वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय आकर्षण को भी बढ़ावा देगा। 
जापानी प्रतिनिधिमण्डल में मोरिता अकीरा, नाका मुरा, और मिश यूरी तथा रितु प्रसाद आदि थे। बैठक के दौरान देवाशीष गांगुली एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत ब्रज गीत ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर वी.डी. अग्रवाल, राजेश गोयल, कर्नल राज मलिवाल, कमांडर राकेश गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, दीपक प्रहलाद अग्रवाल, मंजू गुप्ता, कृष्णा दत्ताचार्य, डा.भटटाचार्य वत्सला प्रभाकर, आर. के. दीक्षित, राजकुमार चतुर्वेदी, एम एम. नैय्यर, यदुराज गोयल, नितिन गुप्ता, डा.रामबाबू हरित उपस्थित रहे।
_________________________________________
मुस्लिम वर्ग ने सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने का आश्वासन दिया 
आगरा, 18 मार्च। पुलिस लाइन की हाल में अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। मुस्लिम वर्ग के गणमान्य लोगों ने बैठक में आश्वासन दिया कि सड़कों पर नमाज अदा नहीं करेंगे तथा शांति पूर्व ईद उल फितर का पवित्र त्यौहार मनाएंगे। इस मौके पर हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष सिराज कुरैशी ने शासन प्रशासन को ईद की अग्रिम मुबारकबाद देते हुए कहां कि ईद के पवित्र त्यौहार नजदीक है लेकिन शाही जामा मस्जिद ईदगाह एवं अन्य मस्जिदों के आसपास जहां ईद की नमाज अदा की जाएगी उन मार्गों पर गंदगी व्याप्त है। ईद की नमाज के समय ट्रैफिक जाम न हो ऐसी व्यवस्था की जाए।
ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिलाध्यक्ष अदनान कुरैशी, मोहम्मद शरीफ कुरैशी अदनान कुरैशी निसार अहमद डॉक्टर जाफरी जामा मस्जिद के इमाम सुलेमान मंजरी जियाउद्दीन कुरैशी चौधरी फरहान मोहम्मद शालू ने भी सुझाव दिए।
_________________________________________
संकल्प सेवा संस्था ने मनाया नवसंवत्सर उत्सव
आगरा, 18 मार्च। संकल्प सेवा संस्था ने 2083वें नवसंवत्सर के आगमन की पूर्व संध्या पर माँ दुर्गा मंदिर नामनेर पर भव्य रंगारंग नवसंवत्सर उत्सव का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतमाता के चित्र पर प्रतिभागी देविस्वरूपा 9 कन्याओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत कार्यक्रम में संकल्प परिवार के सदस्यों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। एकलव्य शर्मा, कल्पना शर्मा, आस्था शर्मा, खुशी शर्मा, छवि कुमारी, जया राजपूत, आनवी शर्मा, आराध्या अग्रवाल, साम्या कुशवाह ने नृत्य की प्रस्तुति दीं। शताक्षी शर्मा ने कविता पाठ किया। हाथरस से पधारे राष्ट्रीय कवि वीरेंद्र पाठक, पद्मावती बघेल, दिव्या पांडे ने कविता पाठ किया। बाल भारती विद्यालय के निदेशक शैलेन्द्र वशिष्ठ के स्कूल के बच्चों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी बच्चों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन विकास भारद्वाज,अनूप वर्मा एवं रघु पंडित ने किया। संकल्प की सांस्कृतिक प्रमुख अलका सिंह शर्मा ने ढपली पर गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। अतिथियों में डॉ अशोक शिरोमणि, फेम के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती, राजीव गुप्ता, विजय सामा, नीतेश शिवहरे, नागेश शर्मा, प्रेम शर्मा संकल्प के संरक्षक सतीश शर्मा, ब्रजेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल बॉबी, क्षेत्रीय पार्षद मंगल सिंह संतोष, नवजोत सिंह गोल्डी, उदय प्रताप बघेल, देवेंद्र सिसोदिया, विनय शर्मा, प्रवीण दत्त शर्मा, गौरव शर्मा, उमेश शर्मा, अशोक मित्तल, भगवान दास भल्ला, प्रवीण दत्त शर्मा, गौरव मिश्रा आदि रहे। संकल्प के अध्यक्ष ब्रजेश पंडित ने सभी को नवसंवत्सर की बधाई दीं।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments