“जवाब दो कार्यक्रम”: सपा प्रतिनिधिमंडल ने गैस संकट पर जिलाधिकारी से की वार्ता, आंदोलन की चेतावनी
आगरा, 20 मार्च। शहर में गैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ महानगर समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “जवाब दो कार्यक्रम” के तहत शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी से वार्ता की और जनता की समस्याएं रखीं।
सपा की विज्ञप्ति के अनुसार, वार्ता के दौरान सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि शहर में हालात बेहद चिंताजनक हैं। गैस बुकिंग के बाद लोगों को 7 से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक लंबी लाइनें लग रही हैं, इसके बावजूद आम जनता को “नो स्टॉक” कहकर लौटा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में खुलेआम ब्लैक मार्केटिंग हो रही है, 200 से 400 रुपये अतिरिक्त लेकर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। गैस एजेंसियों में स्टॉक और रिकॉर्ड की पारदर्शिता नहीं है, जबकि घरेलू गैस का उपयोग होटल और ढाबों में किया जा रहा है, जिससे आम जनता को उसका हक नहीं मिल पा रहा।
जिलाधिकारी ने इस दौरान कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट (eKYC) न होने और सर्वर ओवरलोड के कारण डिलीवरी में देरी हो रही है। सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई गई है और सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में एडीएम, एसडीएम, डीएसओ भी उपस्थित थे।
सपा महानगर कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी जनता के साथ सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र शर्मा, राहुल चतुर्वेदी, नितिन कोहली, विनय अग्रवाल, विजेंदर प्रजापति, मधुकर अरोड़ा, राहुल चौधरी, देवेंद्र राठौर, चौधरी फरहान, रामनरेश यादव, विजय सिंह, रोहित, नासिर, राहुल शाक्य, गिरीश गोयल उपस्थित थे।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments