आगरा नगर निगम में दस पार्षद मनोनीत, इनमें पांच उत्तरी क्षेत्र से, संजय राय, सुषमा जैन को फिर मौका
आगरा, 16 मार्च। प्रदेश सरकार ने आगरा नगर निगम के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित दस मनोनीत पार्षदों की सूची को मंजूरी दे दी। नए सदस्यों के जुड़ने से नगर निगम में अब पार्षदों की कुल संख्या 100 से बढ़कर 110 हो गई है।
नामित पार्षदों में संजय राय (दिल्ली गेट), अमित अग्रवाल पारुल (कमला नगर), सुषमा जैन (आवास विकास कॉलोनी), जितेंद्र सविता (बड़ा उखर्रा, शमसाबाद रोड), सुनील कर्मचंदानी (जोगीपाड़ा, शाहगंज), पंकज सिकरवार (नाव की सराय), धर्मवीर सिंह सिकरवार (गैलाना-कैलाश मंडल), नितीश भारद्वाज (सौरभ नगर, दहतोरा रोड), हरिओम बघेल (छलेसर) और राहुल वाल्मीकि (ईदगाह कुतलूपुर) शामिल हैं।
इस सूची में अनुभवी चेहरों के साथ-साथ संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को भी स्थान मिला है।
संजय राय और सुषमा जैन पहले भी निर्वाचित पार्षद के रूप में सदन का हिस्सा रह चुके हैं। पिछले चुनाव में टिकट न मिलने के बाद सरकार ने अब उन्हें मनोनयन के जरिए सदन में वापस भेजा। खंदारी क्षेत्र से पिछला चुनाव हारने वाले धर्मवीर सिंह सिकरवार पर भी सरकार ने भरोसा जताते हुए उन्हें मनोनीत किया।
इस सूची में आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र का विशेष प्रभाव नजर आ रहा है। कुल दस नामों में से पांच नाम (संजय राय, अमित अग्रवाल पारुल, सुषमा जैन, धर्मवीर सिकरवार और नितीश भारद्वाज) इसी क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। स्थानीय स्तर पर इसे चुनावी समीकरणों और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार मनोनीत पार्षदों की यह सूची करीब एक वर्ष पहले ही यहां से शासन को भेज दी गई थी। लंबे इंतजार के बाद अब शासन स्तर से इसे स्वीकृति मिल गई।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments