आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग, डेढ़ सौ बोरियां जलीं
आगरा, 25 मार्च। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में कैला देवी कोल्ड स्टोर के पास बुधवार की शाम आलू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग में डेढ़ सौ से अधिक 150 बोरियां जलकर खाक हो गईं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शाम करीब पांच बजे हुई। जवाहरपुर बिहारी निवासी किसान धर्मेंद्र आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर धोर्रा रोड स्थित कैला देवी कोल्ड स्टोर में जमा करने पहुंचे थे। कोल्ड स्टोर के पास पहुंचते ही ट्रॉली में लदी बोरियां ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गईं।
बिजली के संपर्क में आते ही बोरियों में आग भड़क उठी। आग लगने से बोरियों में भरे आलू सड़क पर बिखर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। इस दौरान एक विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments