साइबर ठगों ने पूर्व सैन्य अधिकारी समेत दो लोगों से 35 लाख रुपये ठगे, जांच में जुटी पुलिस
आगरा, 25 मार्च। साइबर ठगों ने दो अलग-अलग लोगों को ठगी का शिकार बनाते हुए 35 लाख रुपये की राशि हड़प ली। ठगी का शिकार हुए लोगों के एक पूर्व सैन्य अधिकारी भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कमला नगर के कर्मयोगी एन्क्लेव निवासी अनुराग गौतम को ऑनलाइन निवेश पर पांच दिनों में 30 गुना मुनाफे का लालच देकर एक माह में 26 लाख रुपये कई खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम में प्राथमिकी दर्ज कराई।
अनुराग गौतम ने पुलिस को बताया कि पिछली जनवरी की शुरुआत में एक व्यक्ति ने कंपाउंडिओ नाम की कंपनी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर मुनाफे का लालच दिया। धीरे-धीरे विश्वास में लेकर उनसे अलग-अलग किस्तों में निवेश कराया गया और एक महीने के भीतर करीब 26 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो कोई धनराशि वापस नहीं मिली, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
दूसरे मामले में साइबर ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक का प्रतिनिधि बनकर पूर्व सैन्य अधिकारी 9.66 लाख रुपये ठगे। उन्हें क्रेडिट कार्ड में अतिरिक्त सर्विस दिलाने का झांसा देकर कॉल किया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड और ओटीपी की जानकारी लेकर पांच बार में रकम ट्रांसफर कर ली। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित लेफ्टिनेंट कर्नल अविनेश पाल सिंह (सेवानिवृत्त) नालंदा टाउन, शमसाबाद रोड के निवासी हैं। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी साइबर क्राइम का कहना है कि आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments