बच्चा चोरी के शक में पीट डाले पांच युवक, सिर भी मुंडवाए

आगरा, 13 मार्च। थाना शाहगंज क्षेत्र के शिवनगर राधे वाली गली में बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने पांच युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि भीड़ ने युवकों को बच्चा चोर बताकर सड़क पर ही कई घंटों तक हंगामा किया। उनके साथ मारपीट की और उनका जबरन सिर मुंडवा दिया।
इतना ही नहीं भीड़ ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। किसी ने भी इस घटना को रोकने की कोशिश नहीं की। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग युवकों को पकड़कर बैठाए हुए हैं, जबकि अन्य लोग उनके सिर के बाल काटते नजर आ रहे हैं। 
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोर गिरोह की अफवाहें फैल रही थीं। इसी शक के आधार पर इन युवकों को पकड़ा गया। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पकड़े गए युवक वास्तव में किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल थे या नहीं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है। इंस्पेक्टर शाहगंज राजीव त्यागी का कहना है कि वायरल वीडियो कब का है इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments