दुकान बंद कर लौट रहे सर्राफ से दस लाख की लूट
आगरा, 17 मार्च। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने मंगलवार की रात सर्राफा कारोबारी करीब दस लाख रुपये का सोना और दुकान की चाबियां लूट लीं। दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफ वीरेश वर्मा के साथ यह लूट की वारदात गांव सदर वन के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
खबरों के अनुसार, गांव अटूस निवासी वीरेश वर्मा की बिचपुरी में सोने, चांदी के आभूषणों की दुकान है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। उनके पास एक थैला था, जिसमें ज्वैलरी थी। इसी दौरान जब वह थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गांव सदर वन के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनके हाथ में लगा थैला छीन लिया। थैले में 50 से 60 ग्राम सोना और दुकान की चाबियां थीं। घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी को संभलने या विरोध करने का मौका तक नहीं मिला। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत दस लाख रुपये बताई गई है।
दुकान की चाबियां बदमाशों के हाथ लगने के बाद व्यापारी को आशंका भी बनी हुई है कि कहीं अपराधी आगे किसी और वारदात की कोशिश अंजाम न दे दें।
पुलिस पता लगाने में जुटी है कि बदमाश पहले से व्यापारी की रेकी कर रहे थे या वारदात अचानक की गई। सर्राफा व्यापारियों को अक्सर नकदी, सोना-चांदी और कीमती सामान के साथ आवागमन करना पड़ता है। आसपास के रास्तों, संभावित भागने के मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय मुखबिर तंत्र, और घटना स्थल के आसपास की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments