ट्रांसपोर्टनगर में ट्रक के डीजल टैंक में वेल्डिंग के दौरान धमाका, कारीगर झुलसा
आगरा, 17 मार्च। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर एक ट्रक के डीजल टैंक में वेल्डिंग के दौरान अचानक धमाका हो गया। टैंक में आग लग गई। हादसे में ककरैंठा निवासी वेल्डिंग कारीगर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
खबरों के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि डीजल टैंक के टुकड़े कई मीटर दूर तक जा गिरे। आग की लपटों ने आसपास खड़े टायरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। कुछ लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया है कि ट्रांसपोर्ट नगर में बबलू की दुकान के पास डफर करीब साढ़े बारह बजे एक ट्रक की डीजल टैंक की मरम्मत का काम चल रहा था। कारीगर टैंक पर वेल्डिंग कर रहा था। आशंका है कि टैंक के अंदर मौजूद ज्वलनशील गैस या डीजल के अवशेष वेल्डिंग की गर्मी के संपर्क में आते ही विस्फोट का कारण बन गए। जैसे ही वेल्डिंग मशीन की चिंगारी टैंक के भीतर पहुंची, अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार, ट्रांसपोर्ट कर्मी और स्थानीय लोग बाहर निकल आए।
हादसे में वेल्डिंग कारीगर गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार कारीगर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments