हैदराबाद पुलिस का आगरा में छापा, दिव्यांग केमिस्ट्री शिक्षक हिरासत में, गुटखा फैक्ट्री के ‘हानिकारक फॉर्मूले’ में कनेक्शन की आशंका
आगरा, 06 मार्च। एक सनसनीखेज मामले में थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नगला मट्टू में शुक्रवार को हैदराबाद पुलिस ने छापा मारकर एक दिव्यांग केमिस्ट्री शिक्षक को हिरासत में ले लिया। हैदराबाद पुलिस की टीम शिक्षक मनोज को संदिग्ध केमिकल के साथ पकड़कर खंदौली थाने ले आई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
खबरों के अनुसार, हैदराबाद पुलिस ने हाल ही में राजस्थान के जोधपुर से एक गुटखा फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान फैक्ट्री संचालक ने आगरा के खंदौली क्षेत्र के दिव्यांग शिक्षक मनोज का नाम लिया। इसी खुलासे के बाद हैदराबाद पुलिस की टीम सीधे आगरा पहुंची और नगला मट्टू गांव में दबिश देकर शिक्षक मनोज को हिरासत में ले लिया। जांच एजेंसियों को संदेह है कि जोधपुर की गुटखा फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे गुटखे में किसी ऐसे केमिकल फॉर्मूले का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जा रहा है।
इसी फॉर्मूले के संबंध में शिक्षक मनोज की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिक्षक मनोज के घर से कौन-सा केमिकल बरामद हुआ है और उसे किस उद्देश्य से घर में रखा हुआ था।
शिक्षक मनोज पेशे से केमिस्ट्री का टीचर है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ समय पहले वह राजस्थान के जोधपुर गया था, जहां उसकी मुलाकात गुटखा फैक्ट्री संचालक से हुई थी। इसी मुलाकात के बाद से दोनों के संपर्क में रहने की बात सामने आ रही है। जांच एजेंसियां यह संभावना भी खंगाल रही हैं कि कहीं गुटखा फैक्ट्री में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध केमिकल का फॉर्मूला शिक्षक मनोज ने ही उपलब्ध तो नहीं कराया।
फिलहाल हैदराबाद पुलिस की टीम खंदौली थाने में शिक्षक मनोज से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments