Agra News: खबरें आगरा की.....
नवीन जैन के निवास पर होली मनाई गई
आगरा, 04 मार्च। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन के शास्त्रीपुरम स्थित निवास पर हर्षोल्लास के साथ होली मनाई गई।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह में पारंपरिक फाग गीतों, रंगारंग माहौल और आत्मीय संवाद का वातावरण बना रहा। सांसद नवीन जैन ने सभी अतिथियों का अबीर गुलाल लगा कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय बढ़ता है, जिससे संगठन और अधिक सशक्त होता है।
________________________________________
बेलनगंज चौराहे पर हुआ होली मिलन समारोह
आगरा, 04 मार्च। स्वतंत्रता सेनानी रोशनलाल गुप्त करुणेश एवम् वासुदेव गुप्ता की स्मृति में बेलनगंज चौराहे पर बुधवार की शाम होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक धार्मिक, कला क्षेत्र एवम् शहर के आमजनों की मौजूदगी थी।
इस अवसर पर वृंदावन की नृत्य मंडली द्वारा श्री राधा कृष्णा द्वारा मयूर नृत्य, रासलीला और नाट्य कलाकारों द्वारा सामाजिक सन्देश का मंचन भी प्रस्तुत किया गया। ट्रांसपोर्ट व्यवसाई वीरेंद्र गुप्ता के अनुसार, इस अवसर पर विभिन्न विशिष्ट सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।
________________________________________
न्यू मार्केट जीवनी मंडी ने मनाया होली मिलन
आगरा, 04 मार्च। जीवनी मंडी न्यू मार्केट में होली मिलन समारोह विगत दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर न्यू मार्केट के व्यवसायी मनोज गुप्ता को नेशनल चैम्बर के वार्षिक चुनावों में अध्यक्ष पद पर विजयी बनाने का निर्णय लिया।
समारोह में नेशनल चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने भी व्यापारियों से मनोज गुप्ता के पक्ष में वोट डालने की अपील की। कार्यक्रम में चैैंबर के कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सतीश अग्रवाल ने भी स्वयं को वोट देने का अनुरोध किया। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गिरीश गोयल को भी जिताने की अपील की गई। न्यू मार्केट समिति के अध्यक्ष संजय गुप्ता, महासचिव मुकेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष तुषार वार्ष्णेय ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान नेशनल चैम्बर के उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल भी मौजूद रहे।
________________________________________
इस्कॉन में गौर आविर्भाव महोत्सव मनाया गया
आगरा, 04 मार्च। चैतन्य महाप्रभु के प्रकाट्योत्सव के उपलक्ष्य में गौर आविर्भाव महोत्सव कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजिन किया गया। प्रातः 4.30 बजे मंगला आरती के साथ ही भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भाई बलराम का नई पोशाक धारण कराकर विशेष श्रंगार किया गया। पंचतत्व संग (श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु, प्रभु नित्यानंद, श्रीअद्वैत आचार्य, श्रीगदाधर पंडित, श्रीवास ठाकुर) चैतन्य महाप्रभु का विभिन्न पुष्पों से अभिषेक किया गया। इस अवसर पर छप्पन भोग व फूल बंगला का भी आयोजन किया गया।
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि संध्या काल में चैतन्य महाप्रभु का मंत्रोच्चारण के साथ पुष्पों से अभिषेक किया गया। इसके उपरान्त मृदंग मंजीरों संग हरे राम हरे कृष्णा… कीर्तन करते श्रद्धालू भक्ति में डूबकर खूब नृत्य किया। हरिनाम संकीर्तन पर श्रीकृष्ण की भक्ति में हर भक्त झूमता नजर आया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments