Agra News: खबरें आगरा की.....

दलित युवती की बरामदगी के लिए सोशल एक्टिविस्ट भावना शर्मा पहुंचीं थाने
आगरा, 02 मार्च। यमुना ब्रिज क्षेत्र से लगभग तीन माह पहले अपहृत दलित युवती के मामले में सोशल एक्टिविस्ट भावना वरदान शर्मा ने सोमवार को थाना एत्माद्दौला पहुंचकर थाना इंचार्ज से बात की।
बातचीत के बाद भावना ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस प्रकरण में थाना एत्माद्दौला पर मुक़दमा अपराध संख्या 379/2025 धारा 87 बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत है। डीसीपी सिटी ने भी अपहृता की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा अपराधी के मोबाइल नंबर को ट्रैक करके उसके ठिकानों की जांच की गई है।
भावना शर्मा ने कहा कि विगत 7 दिसंबर को यह युवती अपने घर के पास कुछ सामान लेने गई थी जहां से वह गायब हो गई थी। युवती के माता-पिता और परिवार जनों द्वारा इस संदर्भ में थाना एत्मादोला में शिकायत दर्ज की गई थी। युवती ने फोन पर माता पिता से कहा था कि उसे बंधक बना कर रखा गया है उसके साथ हिंसात्मक व्यवहार हो रहा है और उसने अपने माता-पिता से उसे घर वापस लाने के लिए कहा था। आगरा पुलिस कार्रवाई कर रही है।  युवती की लोकेशन पुलिस को मिल चुकी है शीघ्र ही युवती को मुक्तकराने के का प्रयास किए जाएंगे।
______________________________________
केंद्रीय मंत्री बघेल ने लिया चित्रकला प्रदर्शनी का समापन, महिलाओं को बताया जीवन के हर क्षेत्र में बहुत आगे
आगरा, 02 मार्च। राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश और संस्कार भारती महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का समापन केंद्रीय मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल ने किया। इस अवसर पर प्रो एस पी सिंह बघेल ने कहा कि आज नारीशक्ति का सही मायने में सशक्तिकरण हो रहा है, जीवन के हर क्षेत्र में आज महिलाएं बहुत आगे हैं। 
प्रदर्शनी में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, कासगंज और बरेली के नवोदित और वरिष्ठ चित्रकारों की 68 महिला चित्रकारों के चित्र प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी का तीसरे दिन का दीप प्रज्ज्वलन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित चित्रकार डॉ उमा शर्मा मथुरा, एस जे जे टी कॉलेज झुंझुनूं, राजस्थान की चित्रकला विभाग की अध्यक्ष डा अनंता शांडिल्य, संस्कार भारती की प्रांतीय दृश्य कलाविधा प्रमुख डॉ इंदिरा अग्रवाल अलीगढ़, वरिष्ठ चित्रकार प्रो अश्वनी शर्मा डी ई आई और ललित कला संस्थान के उपनिदेशक डॉ मनोज कुमार ने किया। 
डॉ मनोज कुमार का केन्द्रीय मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल ने शाल पहनाकर सम्मान किया। प्रसिद्ध पोर्टेट चित्रकार प्रोफेसर बिंदु अवस्थी ने मॉडल का सटीक और प्रभावी पोर्ट्रेट बनाकर सबको चमत्कृत कर दिया। प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालन डॉ आभा सिंह गुप्ता ने और धन्यवाद ज्ञापन महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।
______________________________________
प्रेसिडेंट इलेवन ने सेक्रेटरी इलेवन को 14 रन से हराया 
आगरा, 02 मार्च। आईएमए क्रिकेट लीग के तहत खेले गए एक रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में आईएमए प्रेसिडेंट इलेवन ने आईएमए सेक्रेटरी इलेवन को 14 रनों से पराजित किया। 
पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ एम गुप्ता ने 77 रनों की पारी खेली। डॉ. बलकृष्ण गौड़ ने नाबाद 68 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नितिन दिवाकर ने भी 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जवाब में सेक्रेटरी इलेवन की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। डॉ. मुदित गुप्ता ने नाबाद 61 रनों की शानदार पारी खेलते हुए अंत तक संघर्ष किया। डॉ. मेघल गोयल ने 44 रन बनाए, जबकि डॉ. राहुल सिंह ने तेज़ 22 रनों का योगदान दिया। हालांकि टीम लक्ष्य से 14 रन पीछे रह गई। गेंदबाजी में डॉ. भानु गुर्जर ने 2 विकेट लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 
शुरुआत आईएमए स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. आशंक गुप्ता ने की, जबकि समापन समारोह डॉ. आशीष झोरी द्वारा संपन्न कराया गया। मैच के कोऑर्डिनेटर के रूप में डॉ. अरुणेश यादव ने सफल संचालन किया।
मुकाबले के बाद सभी डॉक्टर क्रिकेटर्स ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ होली भी खेली, जिससे कार्यक्रम में रंगारंग माहौल बन गया। इस अवसर पर अध्यक्ष आईएमए डा पंकज नागायच, सचिव डा रजनीश मिश्रा अविनाश यादव, जेपी दुबे, सौरभ मल्होत्रा, आशीष परिहार और सिद्धार्थ गुप्ता मौजूद रहे। 
______________________________________
रावतपाड़ा होली मिलन समारोह में बिखरे फाल्गुनी रंग
आगरा, 02 मार्च। 'रावतपाड़ा व्यापार मंडल संगठन' के तत्वावधान में अन्नपूर्णा भवन में 'होली मिलन समारोह' का आयोजन किया गया। शुभारंभ पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को चंदन का तिलक लगाकर और गुलाल उड़ाकर किया गया। 
समारोह में आशीष गुप्ता, अमित पांडेय, सौरभ पांडेय, माधव पांडेय, पार्षद अनुज शर्मा, श्री भगवान, नरेश अग्रवाल, अमित गुप्ता, शुभम गुप्ता सनी, आदेश सिंघल और प्रवीन वर्मा मौजूद रहे। 
______________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments