आगरा कैंट स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में दो बार गिरी महिला, तीसरी बार में बमुश्किल चढ़ पाई, वीडियो वायरल

आगरा, 02 मार्च। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय एक महिला दो बार प्लेटफार्म पर गिरती दिखाई दे रही है। वह तीसरे प्रयास में बमुश्किल ट्रेन में सवार हो पाती है। इस दौरान प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों में से किसी ने उसे रोकने या मदद करने का प्रयास भी नहीं किया। 
खबरों के अनुसार, महिला का बच्चा ट्रेन में रह गया था, वह प्लेटफार्म पर पानी की बोतल लेने उतरी थी, उसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। यह देखकर महिला घबरा गई। महिला का बच्चा ट्रेन में होने पर उसे दौड़ लगा दी। कोच में चढ़ने के लिए दरवाजे का हैंडल पकड़ा, लेकिन वह छूट गया। महिला प्लेटफार्म में धड़ाम से गिर पड़ी। उसने हिम्मत नहीं हारी। ट्रेन की गति और भी बढ़ गई। यह देखकर महिला ने दोबारा दौड़ लगा दी और किसी तरीके से कोच में चढ़ गई। 
महिला का यह वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में उसका दो-दो बार पैर फिसलता है। लेकिन फिर भी वह उठकर दोबारा ट्रेन पकड़ने की कोशिश में लग जाती है। दो बार गिरने के बावजूद उसने पूरी हिम्मत और बहादुरी के साथ ट्रेन पकड़ने की कोशिश जारी रखी, जिसके चलते आखिरी बार में वह ट्रेन पकड़ पाने में सफल रही।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई सामान या फिर परिवारीजन छूट गया है तो इसकी शिकायत रेलवे अफसरों या फिर रेलवे हेल्प लाइन से की जा सकती है। लेकिन जल्दबाजी में चढ़ने का प्रयास न करें।ऐसा करना कानूनन अपराध भी है और रेलवे के नियमों के तहत चलती ट्रेन पकड़ते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई भी की जाती है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments