Agra News: खबरें आगरा की.....

जिला और केंद्रीय कारागार का निरीक्षण 
आगरा, 17 मार्च। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक एवं पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी व अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने मंगलवार को जिला कारागार व केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में बन्दियों से मुलाकात कर खाने की गुणवत्ता, चिकित्सीय व्यवस्था, प्रतिदिन साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विधिक सहायता हेतु कार्यवाही इत्यादि पर निरीक्षण व समीक्षा कर संबंधित को निर्देशित किया। कारागार परिसर में बने चिकित्सालय का निरीक्षण कर भर्ती बंदी मरीजों से वार्तालाप कर उनकी समस्याओं को भी सुना तथा इलाज हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
उक्त अवसर पर एडीजे दिव्यानंद दुबे, केन्द्रीय कारागार अधीक्षक ओपी कटियार, डिप्टी जेलर विशाल मद्धेशिया, शिवम कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
________________________________________
बुद्धा पार्क के सौंदर्यीकरण में सुधार के निर्देश
आगरा, 17 मार्च। कालिंदी विहार रोड स्थित निर्माणाधीन बुद्धा पार्क का मंगलवार को नगर निगम के अधिकारियों ने भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता, पत्थरों के चयन और प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर चर्चा की गई।
इस निरीक्षण में आर्किटेक्ट आदित्य कुमार, सुदेश यादव, प्रो. बी डी शुक्ला, पातीराम सागर, आमनात इतितोचे भंते निवासी थाईलैंड, अर्जुन सिंह, ए के सिंह, महिपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी संस्था के ज्ञापन के आधार पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने नगर निगम के मुख्य अभियंता को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन में पार्क के सौंदर्यकरण कार्य में उपयोग किए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता तथा तथागत बुद्ध एवं उनके अनुयायियों की प्रतिमाओं के स्वरूप पर आपत्ति जताई गई थी। 
________________________________________
योग परिवार का होली मिलन समारोह संपन्न
आगरा, 17 मार्च। ब्लिस इंस्टिट्यूट योग परिवार द्वारा होली मिलन समारोह मंगलवार को राम श्री मैरिज होम सभागार नरी पुरा में किया गया। अध्यक्षता विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने की। मुख्य अतिथि अनीता सिंह थी। 
अतिथियों का स्वागत श्री मोहन कुशवाहा ने किया। समारोह में सुशील सरित द्वारा लिखित लघु नाटिका अंग्रेज क्यों भागे का मंचन किया गया। हरीश भदोरिया, चंद्रशेखर शर्मा, सुधीर शर्मा, असीम आनंद, शेखर, पूजा तोमर ने प्रस्तुतियां दी। हरीश अग्रवाल,डॉ नीरज स्वरूप, नीलेद्र श्रीवास्तव एवं श्रीमती रमा वर्मा ने होली पर अपनी रचनाओं का पाठ किया।
________________________________________
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में 4.38 करोड़ की लागत से बनेंगे तीन छोटे पुल
आगरा, 17 मार्च। राज्य योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में लघु सेतुओं के निर्माण लगातार जारी है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तीन लघु सेतुओं के निर्माण हेतु ₹4.38 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। 
सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत एनएच-3 दिगनेर पटरी से गुतिला गंगरौआ मार्ग होते हुए सुजगाई, बौधिक,अक्षम बच्चों के स्कूल एवं बनु माता मंदिर मार्ग पर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा फतेहाबाद-सैंया-खैरागढ़-किरावली भरतपुर बॉर्डर मार्ग (SH-143) पर भी लघु सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं फतेहाबाद-रिहावली मार्ग से नगला मवाई मार्ग पर पुलिया निर्माण का कार्य भी स्वीकृत किया गया है।
________________________________________
वीर गोकुला जाट पर शौर्य गीत का नई दिल्ली में विमोचन
आगरा, 17 मार्च। "वीर गोकुला जाट” पर आधारित शौर्य गीत का विमोचन तथा “हम ब्रजवासी परिवार” का स्नेह मिलन समारोह नई दिल्ली स्थित वेस्टर्न कोर्ट के हॉल में सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने वीर गोकुला जाट के अद्वितीय साहस, त्याग को याद करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुष सदैव समाज को प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम को फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने भी संबोधित किया। वीडियो गीत में वीर गोकुला जाट की भूमिका सांसद चाहर के पुत्र करमवीर ने निभाई है।
वक्ताओं ने वीर गोकुला जाट के बलिदान को नमन करते हुए देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु एकजुटता का संकल्प लिया। संचालन डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने किया। विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया, दिल्ली प्रदेश के विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष कपिल खन्ना, राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल, सांसद धर्मवीर सिंह, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, सांसद अरुण कुमार सागर, सांसद अनुराग शर्मा, पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा भी उपस्थित रहे।
________________________________________
स्कूल के पास तालाब में मिला नवजात का शव 
आगरा, 17 मार्च। थाना एकता क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के पास बने तालाब में नवजात बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
खबरों के अनुसार, स्कूली बच्चों ने नवजात बच्चे की लाश देखी। लाश देखते ही बच्चों की चीख निकल गई. जानकारी होने पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से नवजात का शव तालाब से बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
________________________________________
आगरा में 19 और 20 मार्च को बारिश के आसार
आगरा, 17 मार्च। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 19 और 20 मार्च को बारिश होने की संभावना है। 20 मार्च को तेज बारिश हो सकती है। इससे पहले ठंडी हवाओं ने पहले ही मौसम में नरमी ला दी है। दिन में धूप निकल रही है लेकिन उसका प्रभाव कम है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments