Agra News: खबरें आगरा की......
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को खूब भाए ब्रज की संस्कृति और व्यंजन
आगरा, 15 मार्च। सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल के तहत यहां आए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को ब्रज की संस्कृति खूब भाई।
तीन दिवसीय टूर के आखिरी दिन प्रतिनिधिमंडल को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा द्वारा टेक्नीकल व धार्मिक टूर कराया गया। सर्वप्रथम प्रतिनिधिमंडल ने सेंट पीटर्स स्कूल का विजिट किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचकर बाबा प्रीतम सिंह से सरोपा ग्रहण कर आशीर्वाद लिया।
इससे पूर्व शनिवार की शाम को महापौर द्वारा डेलीगेशन को ताज खेमा में ब्रज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मयूर नृत्य, बांसुरी व सितार वादन के साथ ब्रज के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोज कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा को अक्टूबर फेस्टिवल के लिए आमंत्रित किया।
________________________________________
“सनातन (तिथि) कैलेंडर विक्रम संवत 2083” का विमोचन
आगरा, 15 मार्च। कुटुंब संस्था द्वारा निर्मित “सनातन (तिथि) कैलेंडर – विक्रम संवत 2083” का विमोचन रविवार को सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में कथा वाचक अरविन्द महाराज ने किया। मुख्य अतिथि राकेश गर्ग (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड) थे। अध्यक्षता सुनील विकल ने की।
इस अवसर पर ज्योतिषा मित्तल, तपस्या सिंह ने सनातन (तिथि) कैलेंडर के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन नूतन अग्रवाल ने किया। मयंक अग्रवाल, रविकांत चावला, सुनील शर्मा, पंकज गोयल, विकास अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, भारत महाजन अनेक नागरिक उपस्थित रहे। संयोजक विदित सिंघल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
________________________________________
मेडिकल शिविर में मरीजों की जांच, दवाइयां दी गईं
आगरा, 15 मार्च। शहीद नगर में रविवार को श्री वैद्यनाथ आयुर्वेदिक प्राइवेट झाँसी व गर्ग औषधि केंद्र द्वारा आयोजित शिविर में मरीजों की जांच के साथ उनको समुचित उपचार की सुविधा भी प्राप्त करवाई गई।
शिविर में बेहतर भोजन व टहलने के फायदे भी बताये गए। इस दौरान पथरी, सूजन, गैस, शुगर, खाज, खुजली, बवासीर, एलर्जी, नज़ला, खांसी तथा बीपी के मरीज़ आये जिनको दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गई। डॉ. पुनर्विसु द्विवेदी, डॉ.एस. पी शर्मा व डॉ. पल्लवी ने नि:शुल्क परामर्श दिए। तरुश गर्ग, उपेंद्र सिंह, रोहित गुप्ता व गौरव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
________________________________________
ताजमहल में मधुमक्खियों का पर्यटकों पर हमला
आगरा, 15 मार्चम ताजमहल में रविवार को अचानक मधुमक्खियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया। परिसर में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता टूट गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बेकाबू होकर पर्यटकों की ओर उड़ने लगीं। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
खबरों के अनुसार, कई पर्यटक रुमाल, दुपट्टा, कपड़ा और हाथों से अपना चेहरा ढककर खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग जमीन की ओर झुक गए, तो कुछ खुले स्थान से दूर भागते दिखाई दिए।
इस अचानक हुई घटना से कुछ देर के लिए पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। ताजमहल घूमने आए देशी-विदेशी पर्यटक काफी घबराए हुए दिखाई दिए। सुरक्षा कर्मियों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी। हालांकि, घटना कुछ ही देर रही, लेकिन इस दौरान पूरी तरह हड़कंप मचा रहा।
________________________________________
खांटू श्याम मंदिर में महिला के गले से सोने की चेन चोरी
आगरा, 15 मार्च। जीवनी मंडी स्थित खांटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आईं महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गईं। विष्णु विहार कॉलोनी, कहरई मोड़ निवासी कुसुम अपनी मां प्रेमा देवी और परिवार के साथ शनिवार को खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के लिए आई थी। मंदिर में भीड़ अधिक थी। मंदिर में भीड़ अधिक होने के दौरान कुसुम के गले से सोने की चेन और पेंडल किसी ने चोरी कर लिया। चोरी गई चेन 10 ग्राम की बताई जा रही है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
वीआरपी ग्लैडिएटर्स ने जीता मैच
आगरा, 15 मार्च। आईटी एसोसिएशन की ओर से मैत्री क्रिकेट मैच कंसिस्टेंट चैंपियंस और वीआरपी ग्लैडिएटर्स के मध्य सेंट जोन्स कॉलेज मैदान पर खेला गया। वीआरपी ग्लैडिएटर्स ने 19.3 ओवर में सभी विकेट खो कर 115 रन बनाये। धर्मेंद्र और नवीन के 13-13 रन बनाए। कंसिस्टेंट चैंपियंस की ओर से अवनीश और रवि ने तीन-तीन विकेट लिए। कंसिस्टेंट चैंपियंस ने 17.1 ओवर में चार विकेट से मैच जीत लिया। प्रतीक ने 26 और आशीष ने 19 रन बनाए। मेन ऑफ़ द मैच रवि को चुना गया। इस अवसर पर अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिकरवार, कौशल दीप, चतुर्भुज तिवारी , सुशांत गोविल, कपिल पोरस, तरूण सिंह मौजूद रहे।
________________________________________
अरुण डंग पर वृत्त चित्र का लोकार्पण
आगरा, 15 मार्च। साहित्य संगीत संगम एवं चेतना इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में साहित्यकार अरुण डंग पर वृत्त चित्र का लोकार्पण आगरा कैंट स्टेशन रोड स्थित एक होटल में हुआ।
इस वृत्त चित्र में स्वर देने वाले सहयोगियों पूजा सक्सेना प्रो आन्शवना, पूजा तोमर और अंकुर बंसल का सम्मान किया गया। कबीर मीरा तुलसी नजीर और रसखान की रचनाओं का प्रस्तुतीकरण पूजा, आन्शवना एवं सुशील सरित ने किया। शुभारंभ राजेंद्र मिलन, गायत्री, अरुण डंग, अनिल डंग ने किया। दुर्ग विजय सिंह दीप ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर शर्मा, हरीश भदोरिया, अनिल शर्मा, रमा वर्मा, असीम आनंद, सुषमा सिंह, शशि गुप्ता, शशि शिरोमणि, अशोक शिरोमणि, रवि शिरोमणि उपस्थित रहे। संचालन दिनेश श्रीवास्तव ने किया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments