आगरा पुलिस ने 25 लाख की शराब और पकड़ी, एक ही दिन में 75 लाख की शराब जब्त
आगरा, 15 मार्च। कमिश्नरेट पुलिस को चौबीस घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कामयाबी मिली जब ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। पुलिस ने इस गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया। बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
खबरों के अनुसार, पुलिस ने मौके से एक कैंटर, दो मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की। गिरोह के छह अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इससे पहले आज सुबह एत्मादपुर पुलिस ने छलेसर के नजदीक एक ट्रक से अवैध शराब की 600 पेटियां बरामद की थीं। जिनकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी। इस प्रकार एक ही दिन में पुलिस ने करीब 75 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब की 925 पेटियां बरामद कर लीं।
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर आगरा से गुजरने वाला है। ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोका और तलाशी ली। पुलिस को कैंटर में ऊपर से बोरियां लदी हुई दिखाई दीं, लेकिन जब बोरियों को हटाकर नीचे देखा गया तो वहां अंग्रेजी शराब और बीयर की 350 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद चालक को हिरासत में और वाहन को कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में प्रारंभिक जानकारी सामने आई कि यह अवैध शराब हरियाणा और पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी के कारण तस्कर बड़ी मात्रा में शराब पहुंचाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुबह एत्मादपुर क्षेत्र में पकड़ी गई 600 पेटी शराब और ट्रांस यमुना क्षेत्र में बरामद 350 पेटी शराब के बीच कोई संबंध तो नहीं है। यदि दोनों मामलों के तार जुड़ते हैं तो यह एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments