हरिपर्वत पुलिस ने 3.6 करोड़ के बीमा घोटाले में फरार आरोपी ग्वालियर रोड की कालोनी से दबोचा
आगरा, 23 मार्च। थाना हरिपर्वत पुलिस ने 3.6 करोड़ रुपये के बीमा घोटाले में फरार चल रहे आरोपी सोमप्रकाश शर्मा को ग्वालियर रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वह वर्ष 2024 से वांछित चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूरा मामला एक बड़े बीमा फ्रॉड नेटवर्क से जुड़ा है, जिसमें बीमा कंपनी में नौकरी के दौरान ग्राहकों के साथ विश्वासघात कर सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई। इस मामले में वर्ष 2023 में थाना हरीपर्वत में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सोमप्रकाश को ग्वालियर रोड पर स्वामीधाम चौराहा स्थित विधाता ग्रीन कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
आरोप है कि सोमप्रकाश और उसके साथियों ने ग्राहकों से ओटीपी हासिल कर उनकी पर्सनल डिटेल्स बदल दीं, जिसके बाद फर्जी दस्तावेजों और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से करीब 3.6 करोड़ रुपये का गबन किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बीमा कंपनी के सिस्टम और ग्राहकों की जानकारी का दुरुपयोग करते हुए पहले खातों और प्रोफाइल की डिटेल्स बदलीं, फिर रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया।
पुलिस इस मामले में निखिल गुप्ता और अमित शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एक अन्य आरोपी नवनीत प्रभात सिंह को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। अब सोमप्रकाश शर्मा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments