पति से अलग रह रही तीन बच्चों की मां की हत्या, शव पड़ोस के मकान में मिला

आगरा, 02 फरवरी। थाना सदर क्षेत्र के रोहता गांव में सोमवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका तीन बच्चों की मां थी और पिछले करीब आठ साल से अपने पति से अलग रह रही थी।
खबरों के अनुसार, सुबह ग्रामीण टहलने निकले तो उन्होंने एक मकान की सीढ़ियों से खून बहते देखा। महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया था। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
मृतका की पहचान पड़ोस में रहने वाली लगभग 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई। पूनम अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी और जूते की हील बनाने का काम करती थी। पूनम के दो बेटे और एक बेटी हैं। वह अपने पति से आठ साल से अलग रहकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में रहता है और वहीं नौकरी करता है।
पूनम की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रविवार रात लगभग नौ बजे से घर से निकली थी। सुबह तक घर न लौटने पर वह उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसने बराबर के मकान से खून बहते देखा और जांच करने पर अपनी मां के शव की पहचान की।
पुलिस पूनम की हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हत्या की सूचना मिलते ही एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय भी मौके पर पहुंच गए। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments