व्यापारी की दस किलो चांदी लेकर कारीगर पिता-पुत्र फरार!
आगरा 02 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के मेवा कटरा सेब का बाजार स्थित एक चांदी फर्म से कारीगर द्वारा करीब दस किलो चांदी लेकर फरार होने और व्यापारी को धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार, शिकायत में पीड़ित चांदी व्यापारी ने कहा कि उसकी आर.डी. जैन नामक फर्म पर मजदूरों के माध्यम से चांदी के आभूषण बनवाने का कारोबार किया जाता है। पिछले साल चार मई को मुश्ताक पुत्र शब्बीर निवासी केसर विहार, आजमपाड़ा, शाहगंज अपने पुत्र राहिल के साथ करीब 10 किलो चांदी की चेन टांका लगाने के लिए लेकर गया। मुश्ताक ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में तैयार माल वापस कर देगा। लेकिन उसने तय समय पर माल वापस नहीं किया।
व्यापारी ने अपने पुत्र को मुश्ताक के घर भेजा, लेकिन वहां ताला लगा मिला। मुश्ताक और उसके पुत्र राहिल के फोन भी बंद मिले। इसके बाद वह कई बार मुश्ताक के घर गया, लेकिन वहां मौजूद परिजनों ने धमकी देकर भगा दिया।
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुश्ताक और उसके पुत्र राहिल के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments