तीन एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव पर उठाए सवाल, कहीं हम हम गलत दिशा में तो नहीं बढ़ रहे?
आगरा, 28 फरवरी। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ संजय चतुर्वेदी ने शहर में तीन एलिवेटेड रोड बनाए जाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को निगम के अधिकारियों ने जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष शहर के यातायात को नियंत्रित करने के लिए तीन एलिवेटेड रोड बनाए जाने का प्रस्ताव रखा था।
डॉ संजय चतुर्वेदी ने सवाल किया कि इस प्रस्ताव के जरिये कहीं हम हम गलत दिशा में तो नहीं बढ़ रहे हैं? उन्होंने कहा कि दुनिया भर के अनुभव बताते हैं कि एलिवेटेड रोड ट्रैफिक कम करने के बजाय उसे और उलझा देते हैं। हमें 'कार-केंद्रित' नहीं, ' नागरिक-केंद्रित' नीति की ज़रूरत है।
डॉ चतुर्वेदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली इसका उदाहरण है। देश में सबसे ज़्यादा फ्लाईओवर होने के बावजूद दिल्ली का ट्रैफिक बदतर होता जा रहा है। नए रास्ते सिर्फ और ज़्यादा कारों को आमंत्रित करते हैं।
उन्होंने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल का उदाहरण देते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया ने अपने शहर के बीच से एलिवेटेड रोड को हटाकर वहां नदी और पार्क बनाया, जिससे न केवल ट्रैफिक कम हुआ बल्कि पर्यावरण भी सुधरा।
डॉ चतुर्वेदी ने कहा, "हमें कंक्रीट के ऊंचे ढांचे नहीं, बल्कि मज़बूत सार्वजनिक परिवहन, सुरक्षित फुटपाथ और साइकिल ट्रैक चाहिए। सड़कें कारों के लिए नहीं, इंसानों के लिए होनी चाहिए।" उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस ओर ध्यान देगी।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments