Agra news: खबरें आगरा की....

बालूगंज और खेरागढ़ में छापा, खोए और गुझिया के सैंपल भरे
आगरा, 28 फरवरी। होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा शनिवार को भी विशेष छापामारी एवं जाँच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा खोयामंडी बालूगंज आगरा से एक खोये का नमूना एवं जय दाऊ जी मिष्ठान भण्डार, खेरागढ़ से गुझिया का नमूना संग्रहीत किया गया।
विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान निरंतर जारी है । आमजन से अपील की गई है कि खाद्य पदार्थ क्रय करते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। _______________________________________
होली पार्टी में डिजाइनरों और मॉडल्स को प्रमाण पत्र वितरित
आगरा, 28 फरवरी। होली के उपलक्ष्य में शनिवार की शाम फैशन इंडस्ट्री से जुड़े युवा प्रोफेशनल्स की एक सादगीपूर्ण होली पार्टी का आयोजन आईआईएफटी के सूर्यनगर स्थित कैंपस में किया गया।
ताज महोत्सव में हाल ही में संस्कार भारती द्वारा प्रस्तुत भारतीय परिधानम् फ़ैशन शो के प्रतिभागी युवा डिजाइनर्स, मॉडल्स, एंकर और डांस कोरियोग्राफर को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर आईआईएफटी के डायरेक्टर विनीत बवानिया और भारतीय परिधानम् फ़ैशन शो के प्रस्तुति समन्वयक डॉ. महेश धाकड़ ने होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मौजूद सभी फ़ैशन प्रोफेशनल्स को होली के त्यौहार की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इफ्ट की फैशन फैकल्टी कृति सिंह, डिजाइनर अंचिता जैन, शोभा शर्मा, शिखा यादव, मॉडल जिंसी लाल, कोमल पाठक, नव्या, गौरी, एंकर माही वी. कुमार और डांस कोरियोग्राफर टोनी फास्टर मौजूद थे।
_______________________________________
“नदी बचेगी, तो ताज बचेगा,” यमुना पर बैराज निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से त्वरित हस्तक्षेप की मांग
आगरा, 28 फरवरी। विश्व धरोहर ताज महल के पीछे बहने वाली यमुना आज जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। सूखी धारा, काले नाले, औद्योगिक झाग और गिरता भू-जल स्तर केवल सौंदर्य का प्रश्न नहीं, बल्कि ताजमहल की संरचनात्मक सुरक्षा का भी गंभीर संकट है।
रिवर कनेक्ट अभियान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल हस्तक्षेप कर नगला पैमा (ताजमहल से लगभग 1.5 किमी डाउनस्ट्रीम) में प्रस्तावित यमुना बैराज के निर्माण को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री द्वारा आधुनिक रबर बैराज की घोषणा के बाद शहर में आशा जगी थी, किंतु चार दशकों से लंबित यह परियोजना अब भी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अटकी हुई है।
पर्यावरणविदों के अनुसार ताजमहल की प्राचीन लकड़ी-आधारित नींव को स्थिर भू-जल और आर्द्रता की आवश्यकता है। यमुना के सूखने से मिट्टी का संतुलन बिगड़ रहा है, जो स्मारक की मजबूती पर दीर्घकालिक खतरा बन सकता है। प्रस्तावित लगभग ₹350 करोड़ की यह परियोजना वर्षभर जल प्रवाह सुनिश्चित कर न केवल ताज की सुरक्षा करेगी, बल्कि शहर के गिरते जल-स्तर को भी पुनर्जीवित करेगी।
मांग करने वालों में रिवर कनेक्ट अभियान के बृज खंडेलवाल, डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, राहुल, दीपक, अभिनव, पद्मिनी अय्यर, दिनेश शर्मा, मुकेश चौधरी, निधि पाठक, ज्योति विशाल झा, डॉ मुकुल पांड्या, डॉ हरेंद्र गुप्ता शामिल हैं।
______________________________________
चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन
आगरा, 28 फरवरी। संस्कार भारती द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन स्थान - सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र भवन, शाहगंज पर राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर पूनम सिंह, ए डी जे प्रदीप कुमार मिश्रा और संस्कार भारती के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदर्शित सभी चित्रों के एक कैटलॉग का भी लोकार्पण किया गया। 
प्रदर्शनी में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, कासगंज और बरेली के नवोदित और वरिष्ठ चित्रकारों की 68 महिला चित्रकारों के चित्र प्रदर्शित किए गए। प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि इस प्रदर्शनी में ऐसे चित्रकारों के चित्र भी प्रदर्शित किए गए हैं जो कई वर्ष पूर्व विभिन्न कारणों से ब्रश रख चुके हैं और अब राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी के लिए उन्होंने पुनः ब्रश उठाया है। प्रारंभ में चित्रकार एवं कवियत्री रश्मि सिंह, नीता गर्ग, सह संयोजिका डा एकता श्रीवास्तव और रश्मि सिंह द्वारा संस्कार भारती के ध्येय गीत और सरस्वती वन्दना का गायन किया गया। प्रसिद्ध पोर्टेट चित्रकार प्रोफेसर बिंदु अवस्थी ने मॉडल का सटीक और प्रभावी पोर्ट्रेट बनाकर सबको चमत्कृत कर दिया। संचालन डॉक्टर आभा सिंह गुप्ता और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।
_______________________________________
होली से समरसता का संदेश, सफाई कर्मियों के साथ खेली होली 
आगरा, 28 फरवरी। होली के गुलाल रंग, समरसता के संग। यह नजारा था शनिवार को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर सात स्थित ओपन जिम वाले पार्क का। यहां पर पूर्व पार्षद सुषमा जैन के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं ने सफाई कर्मचारियों के साथ होली खेली।
उनको सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के प्रतीक इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महिला सफाई कर्मचारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी होली के त्योहार का आनंद लिया। एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिले। इस दौरान नगर निगम के सफाई सुपरवाइजर दिनेश चौधरी, राधा शर्मा, मोहनी शर्मा, अनीता ठाकुर, रूबी खुराना, गीता दीक्षित प्रतिभा शर्मा, निधि अग्रवाल समेत कई क्षेत्रीय महिला मौजूद रहीं।
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments