विधायक बाबूलाल के पुत्र पर मुकदमा दर्ज, चार दिन पहले टोलकर्मी से की थी मारपीट, भाई ने दो थी आत्मदाह की धमकी

आगरा, 28 फरवरी। दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल प्लाजा पर टोलकर्मी से मारपीट के मामले में भाजपा विधायक बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ चार दिन बाद शनिवार को अछनेरा थाने में मुकदमा दर्ज हो गया।
खबरों के मुताबिक, विगत 24 फरवरी को विधायक के बेटे ने टोल प्लाजा पर एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद शुक्रवार को टोलकर्मी के भाई वीरू चौधरी ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
शाहगंज के दौरठा नंबर-1 निवासी संजय सिंह दो साल से रायभा टोल पर कार्यरत हैं। विगत 24 फरवरी को भाजपा विधायक बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी टोल प्लाजा पर पहुंचे। वह फरह की तरफ से ग्वालियर की तरफ निजी कार्य से जा रहे थे। उनकी कार पर फास्टेक नहीं होने के कारण टोल कर्मी ने गाड़ी में बैठे शख्स से आधार कार्ड मांगा, तो गाड़ी से निकलने के बाद शख्स ने अपनी गाड़ी पर लिखा विधायक और वीआईपी पास की तरफ इशारा किया। टोल कर्मी ने पहचानने से मना किया तो विधायक पुत्र ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। टोल कर्मी संजय सिंह से मारपीट की घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद संजय के भाई वीरू चौधरी ने शुक्रवार को फेसबुक पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस विधायक के दबाव में काम कर रही है। शिकायत के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने वीडियो में चेतावनी दी कि शनिवार को वह कलक्ट्रेट पर भाई के साथ आत्मदाह करेंगे। उनका कहना है कि पुलिस लगातार समझौते का दबाव बना रही है। पुलिसकर्मी रात में घर पर आ रहे हैं। 
आत्मदाह की धमकी देने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया।एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने मीडिया को बताया पीड़ित के तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments