टारगेट पूरे करने के लिए व्यापारियों को किया जा रहा परेशान, फिर वापस हो जाती है नब्बे प्रतिशत राशि, फेम ने लखनऊ जाकर सौंपा ज्ञापन
आगरा, 06 फरवरी। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फेम) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रमुख सचिव, राज्य कर कामिनी रतन चौहान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि व्यापारियों को नोटिस केवल ई - मेल से नहीं व्यक्तिगत रूप से भी भेजा जाए। ज्ञापन में सचल दल की उपयोगिता पर भी कई प्रश्न उठाते हुए सचल दल व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की गई।
प्रमुख सचिव को अवगत कराया कि अधिकारी टारगेट का बहाना लेकर पेनाल्टी जमा कराते हैं जिसमें से 90 से 95% धनराशि विभाग को वापस करनी पड़ती है। इस पूरी प्रक्रिया में व्यापारी परेशान होता है। अधिकारियों की भी समीक्षा होनी चाहिए जिससे ये भी पता चले कि टारगेट कैसे पूरे किए जा रहे हैं।
ज्ञापन में इसके अलावा एमनेस्टी स्कीम लागू करने, वेट की धारा-32 को जी एस टी में भी लागू करने की मांग रखी। कहा गया कि व्यापारियों के बैंक खाते बिना नोटिस के सीज न किये जायें।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने किया। प्रतिनिधिमंडल में राजेश खुराना, ब्रजेश पंडित, राजेन्द्र सिंह कुक्कू, चंद्रमोहन सचदेवा के अलावा मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, कानपुर, बदायूं के पदाधिकारी शामिल रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments