होटल से आईं युवती की "बचाओ-बचाओ" की आवाजें, पुलिस ने गेट तोड़कर बाहर निकाला, चार युवतियां और तीन युवक हिरासत में
आगरा, 30 जनवरी। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के रामबाग स्थित एलएस होटल से शुक्रवार की शाम एक युवती की बचाओ-बचाओ की गुहार ने सनसनी फैला दी।
खबरों में युवती के अपहरण का प्रयास का मामला बताया गया है। कहा गया कि तीन युवकों ने युवती के बाल व हाथ पकड़ कर ले जाने का प्रयास किया। युवती ने होटल का शीशा तोड़ते हुए बचाओ-बचाओ की गुहार लगा दी। आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। गेट तोड़कर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने होटल से चार युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शाम करीब चार बजे तीन युवक एक युवती को चोटी और हाथ पकड़कर जबरन कार में डालने की कोशिश कर रहे थे। युवती जमीन पर गिर गई। युवक पैर पकड़कर खींचते रहे। युवती के शोर मचाने पर राहगीर जुट गए। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथापाई शुरू कर दी। युवती को बाल पकड़कर घसीटते हुए होटल में ले गए। होटल के कमरे में युवती ने शीशा तोड़कर मदद की गुहार लगाई। युवती का आरोप है कि होटल संचालक और उसकी महिला मित्र उसे जबरन देह व्यापार में धकेलना चाहते थे। जान से मारने की धमकी दे रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने होटल का गेट तोड़कर युवती को मुक्त कराया और होटल से चार युवतियों व तीन युवकों को हिरासत लिया। इस दौरान होटल संचालक दो युवतियों के साथ मौके से फरार हो गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान होटल और आसपास के क्षेत्र में हड़कम्प मचा रहा।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments