साड़ी शोरूम में देर रात लगी आग, परिवार फंसा
आगरा, 01 फरवरी। जिले में शनिवार की देर रात एक साड़ी शोरूम में आग लगने से परिवार फंस गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाकर उन्हें सुरक्षित निकाला। इस दौरान साड़ी शोरूम पूरी तरह जल गया। आग से लाखों रुपये की क्षति का अनुमान है।
खबरों के मुताबिक, यह हादसा आगरा-ग्वालियर हाईवे पर इटोरा में स्थित गंगा साड़ी सेंटर नामक शोरूम में हुआ। साड़ी शोरूम की ऊपरी मंजिल पर ही संचालक का परिवार रहता है। शोरूम संचालक भूपेंद्र लवानिया अपनी पत्नी पूजा लवानिया और बेटे शौर्य के साथ सो रहे थे। रात करीब तीन बजे घुटन महसूस होने पर बेटे की नींद खुली तो आग लगने की जानकारी हुई।
आनन-फानन में परिवार के लोग बगल की छत पर उतर गए। शोरूम संचालक ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। पीड़ित भूपेंद्र लवानिया का कहना है कि आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments