विधायक बाबूलाल के बेटे से विवाद पकड़ रहा तूल, पीड़ित टोलकर्मी लापता, भाई ने दी आत्मदाह की धमकी

आगरा, 26 फरवरी। फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल का परिवार फिर विवादों में है। उनके बेटे सुरेश चौधरी पर रायभा टोल प्लाजा पर टोलकर्मी से मारपीट का आरोप लगने के बाद पीड़ित के लापता हो जाने से मामला तूल पकड़ रहा है। टोलकर्मी के भाई ने लखनऊ जाने और आत्मदाह करने की धमकी दे दी है।
घटना के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर मामले को लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस चल रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खबरों के अनुसार, विगत मंगलवार की दोपहर रायभा टोल प्लाजा पर ‘विधायक’ लिखी गाड़ी पहुंची। गाड़ी में विधायक का पुत्र सुरेश चौधरी और उसकी पत्नी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी पर फास्टैग नहीं लगा था। हालांकि वाहन पर वीआईपी पास लगा था, लेकिन करीब दो मिनट तक बैरियर नहीं उठाया गया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर सुरेश चौधरी गाड़ी से उतरे और टोल कर्मचारी संजय सिंह (निवासी दौरेठा, आगरा) के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। टोलकर्मी संजय सिंह की ओर से इस मामले में पुलिस को तहरीर भी दी गई।
अब एक और वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक मकान की पहली मंजिल पर खड़ा होकर खुद को टोलकर्मी संजय का भाई बता रहा है। गली में पुलिसकर्मी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। युवक कहता है कि उसका भाई अभी लापता है और यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी यूपी पुलिस की होगी। युवक ने पुलिस पर राजीनामा कराने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। उसने कहा कि यदि उसका भाई सकुशल मिल गया तो वह उसके साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगा। युवक ने खुद को संघ परिवार से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह इस मामले को लेकर लखनऊ जाने की तैयारी में है।
भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टोल कर्मचारी ने उनके बेटे के साथ अभद्र व्यवहार किया। बेटे ने अपना परिचय दिया और वाहन पर विधानसभा का स्टीकर होने की बात कही। विधायक का दावा है कि बेटे ने उनसे फोन पर बात कराने की कोशिश भी की, लेकिन टोल प्रशासन ने बात नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को उकसाया गया और पूरा मामला राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। 
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments