Agra News: खबरें आगरा की....

साहित्य की विभिन्न विधाओं में बाल रचनाओं का सृजन अत्यधिक आवश्यक
आगरा, 26 फरवरी। समाजसेविका प्रीति फौजदार द्वारा संचालित सामाजिक संस्था 'यस वी कैन' के तत्वावधान में वरिष्ठ साहित्यकार राज फौजदार के हरीश नगर, सिकंदरा स्थित आवास पर साहित्यकारों द्वारा सात पुस्तकों का एक साथ लोकार्पण किया गया।
लोकार्पित कृतियों में बाल साहित्यकार डॉ. शेषपाल सिंह 'शेष' द्वारा 'मुक्त-मणि माला' और राज फौजदार द्वारा विभिन्न विषयों पर रचे गए 730 दोहों की कृति 'दोहादित्य' के साथ-साथ उनके द्वारा बच्चों के लिए लिखी गई पाँच कृतियाँ- किस्सा कोटर का, चलें गाँव की ओर, चूहे की शादी, चटपटी बाल पहेलियाँ और कोयल काकी शामिल रही। 
अध्यक्षता डॉ. आर एस तिवारी 'शिखरेश' ने की। मुख्य अतिथि गीतकार डॉ. देवेंद्र तोमर (मुरैना) थे। इस अवसर पर आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सुषमा सिंह, डॉ. ब्रज बिहारी लाल 'बिरजू',  डॉ. शेषपाल सिंह 'शेष', केंद्रीय हिंदी संस्थान की पूर्व निदेशक प्रो. बीना शर्मा और निवेदिता दिनकर ने भी विचार व्यक्त किए।
साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन, डॉ. राजीव शर्मा 'निस्प्रह', रामेंद्र शर्मा 'रवि', रेनू उपाध्याय, एसएन शर्मा, आचार्य उमाशंकर पाराशर, संजय गुप्त, प्रभु दत्त उपाध्याय, रवींद्र वर्मा, राकेश निर्मल, राम अवतार शर्मा, डॉ. अखिलेश शुक्ल, अशोक गोयल, रेखा अग्रवाल, विजया तिवारी, डॉ. आभा चतुर्वेदी, दुर्गेश शर्मा, कमला देवी और नीनू गर्ग ने रचनाएं प्रस्तुत की। अशोक फौजदार, अलका शर्मा, संजय कुमार, नंद नंदन गर्ग और शरद गुप्त ने अतिथियों का स्वागत किया। कुमार ललित ने संचालन और कर्नल वैभव फौजदार ने आभार व्यक्त किया।
________________________________________
नौ वर्षीय बच्चे के मस्तिष्क ट्यूमर का सफल ऑपरेशन
आगरा, 26 फरवरी। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग ने नौ वर्षीय बच्चे के मस्तिष्क में मौजूद अत्यंत जटिल और दुर्लभ क्रैनियोफैरिंजियोमा ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया। अत्याधुनिक स्कल बेस सर्जरी तकनीक से किए गए इस ऑपरेशन के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. गौरव धाकरे ने बताया कि क्रैनियोफैरिंजियोमा मस्तिष्क के सबसे कठिन और जटिल ट्यूमर में से एक है। कम उम्र के बच्चों में इसकी सर्जरी करना तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। न्यूरोसर्जन डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि यह ट्यूमर मस्तिष्क की प्रमुख रक्त नलिकाओं और नसों से अत्यधिक चिपका हुआ था। ऐसे में ऑपरेशन के दौरान सूक्ष्म तकनीक, सटीक योजना और अनुभवी सर्जिकल कौशल की आवश्यकता पड़ी। आधुनिक माइक्रोसर्जिकल उपकरणों और टीम वर्क के कारण जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
टीम में न्यूरोसर्जन डॉ. तरुणेश शर्मा, डॉ. राहुल सिंह एवं डॉ. ललित कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
________________________________________
नेशनल चैम्बर ने आयकर विभाग को 22 रन से हराया
आगरा, 26 फरवरी। नेशनल चैम्बर ने आयकर विभाग को मैत्री टी-20 डे-नाईट क्रिकेट मैच में 22 रन से हरा दिया। 
बुधवार को अनेक सिंह क्रिकेट स्टेडियम कुबेरपुर में खेले गए मैच में नेशनल चैम्बर की टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 171 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। आयकर की टीम ने मैच जीतने के लिए भारी उत्साह दिखाया किन्तु 20 ओवर में 149 रन ही बन पाये। वेस्ट बॉलर आयकर विभाग के टीम से अखिल श्रीवास्तव, वेस्ट वेट्स मैन मुकेश मीना रहे। वेस्ट फील्डर चैंबर के विशी गुप्ता व मैन ऑफ द मैच चैम्बर के रचित मित्तल रहे। वेस्ट स्कोरर आयकर विभाग के अंकुर गर्ग रहे।
इससे पहले मुख्य अतिथि प्रधान आयकर आयुक्त अनुपम कांत गर्ग एवं विशिष्ट अतिथि एडीशनल कमिश्नर आयकर शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने मैच का औपचारिक उद्घाटन किया। चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल व पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन अनिल वर्मा ने उनका स्वागत किया। किक्रेट मैच के संयोजक मनोज बंसल थे। अंपायरिंग सोबरन सिंह व संतोष केसरी द्वारा की गयी। आयकर अधिकारी अतुल चतुर्वेदी ने मैच में कोच की भूमिका निभाई। कमेंट्री नरेन्द्र शर्मा द्वारा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चैंबर के सदस्य और आयकर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
________________________________________
यमुना नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला 
आगरा, 26 फरवरी। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में गुरुवार की सुबह यमुना नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। यह शव लोहे का पुल के पास मोती महल के नजदीक यमुना नदी में तैरता दिखाई दिया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। 
________________________________________
ट्रेडमार्क और कॉपीराइट विषयों पर सीएस ने की चर्चा 
आगरा, 26 फरवरी। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान आगरा चैप्टर द्वारा नेहरू नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित तीन दिवसीय बौद्धिक संपदा कार्यशाला के द्वितीय दिवस पर ट्रेडमार्क और कॉपीराइट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता कंपनी सेक्रेटरी सीएस नीतू अग्रवाल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को ट्रेडमार्क फाइलिंग की प्रैक्टिकल एप्लिकेशन्स से अवगत कराया। अध्यक्षता अनुज अशोक ने की। रोहित वर्मा, अमोद सोलंकी, सोनू आसवानी, आकाश जैन, स्वप्निल गुप्ता, मेघा अग्रवाल, निमिषा तयाल उपस्थित रहे।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments