बीकानेर वाला और अलमारी कारखाने में आग से फैली अफरातफरी, नहीं मिले पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपाय
आगरा, 26 नवम्बर। शहर में गुरुवार की दोपहर दो स्थानों पर लगी आग से अफरातफरी मच गई। आग लगने की ये घटनाएं भगवान टॉकीज चौराहे के निकट स्थित रेस्तरां "बीकानेर वाला" में और फ्रीगंज स्थित अलमारी के कारखाने "कृष्णा एस्पायर" में हुई। दोनों ही स्थानों पर फायर ब्रिगेड की तत्परता से काबू पा लिया गया। इस दौरान लोगों के बीच भारी दहशत बनी रही।
जानकारी के अनुसार, "बीकानेर वाला" रेस्तरां में दोपहर करीब ढाई बजे आग लगी। यह आग रेस्तरां की चिमनी में लगी और तेजी से फैलने लगी। आग के कारण भारी धुंआ हो गया और दृश्यता बाधित हो गई। रेस्तरां और उसके ऊपर स्थित समाचार पत्र कार्यालय और कोचिंग सेंटर के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं घबरा कर बाहर की ओर भागे। आसपास के अन्य लोग भी बाहर सड़क पर निकल आए।
सूचना मिलते ही जनपद न्यायालय दीवानी परिसर के बाहर खड़ी दमकल तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फायर स्टेशन संजय प्लेस से अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर के नेतृत्व में दो अन्य दमकलें भी पहुंच गईं। हौज पाइपों को जोड़ कर आग बुझाना शुरू कर दिया गया। भारी धुएं के कारण रेस्तरां में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, यह भी पता लगाना मुश्किल हो रहा था कि अंदर कोई फंसा तो नहीं है। रेस्तरां के मैनेजर ने अग्निशमन अधिकारी को सभी स्टाफ के सुरक्षित होने की जानकारी दी। करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पा लिया गया।
अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि रेस्तरां को पूर्व में अग्निशमन उपायों को पूर्ण करने के लिए कई बार नोटिस दिये जा चुके हैं। इसके बावजूद मौके पर अग्नि सुरक्षा उपाय अधूरे पाए गए। फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था। नीचे पानी के पंप के स्टोर में भी ताला लगा हुआ था और कर्मचारी नदारद था।
अलमारी के कारखाने में आग
इससे कुछ देर पहले ही फ्रीगंज स्थित अलमारी के कारखाने में भी आग लग गईं। कृष्णा एस्पायर के नाम से कारखाना गोल्डमोहर कंपनी के निकट स्थित है। आग लगने से आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। आग बढ़ती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। संजय प्लेस फायर स्टेशन से पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया। सोनकर ने बताया कि यहां भी करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
__________________________________

Post a Comment
0 Comments