आज रात 12 से तड़के चार बजे तक रावली की ओर एमजी रोड की दोनों लेन बंद रहेंगी, आगरा मेट्रो के लिए रखा जाएगा भारी भरकम गर्डर

आगरा, 26 नवम्बर। एमजी रोड पर रावली पुलिया के पास प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेट्रो पुल पर आज गुरुवार की रात 360 मीट्रिक टन का विशाल स्टील गर्डर रखा जाएगा। इसके लिए रात 12 बजे से तड़के चार बजे तक एमजी रोड पर दोनों लेन में यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही टूंडला-आगरा रेल खंड पर भी करीब तीन घंटे ट्रेनों का संचालन रोका जाएगा।
रावली पुलिया पर रखा जाने वाला गर्डर सामान्य गर्डर से आकार और वजन में कई गुना बड़ा है। सामान्य मेट्रो गर्डर करीब 28 मीटर लंबा और 160 मीट्रिक टन वजनी होता है, जबकि इस गर्डर का वजन 360 मीट्रिक टन और चौड़ाई साढ़े चार मीटर है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार गर्डर की लांचिंग के लिए विशेष क्रेन और तकनीकी इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए ही सड़क और रेलवे ट्रैक पर आवागमन बंद करने का फैसला लिया गया है।
रात में निकलने वाले वाहन चालक रहें सतर्क
एमजी रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। इस मार्ग से प्रतिदिन दो लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। रात के समय यातायात बंद होने से वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने मीडिया को बताया कि संरक्षा की दृष्टि से एमजी रोड और रेलवे ट्रैक पर संचालन बंद किया जाएगा। 
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह का भी कहना है कि इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। पुलिस की टीम डायवर्जन प्वाइंटों पर तैनात रहेगी ताकि किसी को परेशानी न हो।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments