आगरा में यातायात का दबाव कम रखने को तीन एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव
आगरा, 27 फरवरी। शहर में यातायात के दबाव को कम रखने के लिए तीन एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है। सेतु निगम के अधिकारियों ने इस प्रस्ताव से संबंधित प्रजेंटेशन शुक्रवार को यहां प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष बैठक में दिया।
सेतु निगम के अधिकारियों का सुझाव है कि शहर के अन्दर स्थित मार्ग, एनएच-19 तथा मॉल रोड के मध्य शहर की बेस लाइन एमजी रोड पर गुजरने वाले भारी यातायात के दबाव को कम करने के लिए एलिवेटेड रोड बनाए जा सकते हैं। एनएच-19 पर वाटर वर्क्स के पास स्थित फ्लाईओवर के समीप से जीवनी मण्डी (यमुना किनारा) होते हुए बेलनगंज गोल चक्कर के समीप तक, 02 लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण किया जा सकता है। जिसकी कुल लम्बाई 1.421 किमी होगी। यमुना किनारे रोड के ऊपर स्थित यमुना ब्रिज-आगरा फोर्ट रेल सेक्शन के पास से और ताजमहल वेस्ट गेट से डॉ आंबेडकर मेट्रो स्टेशन बालूगंज-मॉल रोड तक, 02 लेन एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव भी दिया गया। इस एलिवेटेड रोड की कुल लम्बाई 3.033 किमी होगी। तीसरे प्रस्ताव को भी तैयार किया जा रहा है
नवीन सर्किट हाउस सभागार में हुई इस बैठक में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों के सुझाव लेने, भारी ट्रैफिक से जूझ रहे अन्य चौराहों, सड़कों का भी सर्वे करने तथा जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक कर प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद के विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। समूह की बीमा सखी पिंकी, कृपा कुमारी एवं नीलम को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया।
शादियों के डेस्टिनेशन हब और मेट्रो निर्माण से ट्रैफिक समस्या
कानून व्यवस्था, ट्रैफिक की समीक्षा में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि आगरा विवाह, शादियों हेतु डेस्टिनेशन का हब बनता जा रहा है तथा मेट्रो निर्माण से ट्रैफिक समस्या है जिसे उपलब्ध संसाधन का बेहतर उपयोग कर समाधान किया जा रहा है। प्रदेश में आगरा में एक्सीडेंट में कमी दर्ज की गई है, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई के सहयोग से कार्य किया जा रहा है। क्राइम रेट में कमी, न्यायालय में पुख्ता पैरवी कर सबसे ज्यादा सजा दिलाए जाने का कार्य किया गया है, आईजीआरएस में आगरा का प्रथम स्थान है।
प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी व पुलिस कमिश्नर को प्रत्येक माह जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्या समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान सिंचाई विभाग, सामाजिक सुरक्षा योजना, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निराश्रित गौवंश की समीक्षा की गई, सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा निराश्रित गौवंश के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। बैठक में राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष डा मंजू भदौरिया, महापौर हेमलाता दिवाकर कुशवाह, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, बाबूलाल, जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला अध्यक्ष भाजपा प्रशान्त पौनियां भी मौजूद रहे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments