शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता समेत प्रमुख कांग्रेसी हाउस अरेस्ट, लखनऊ जाने से रोकने की कोशिश
आगरा, 16 फरवरी। कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को शहर के प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके घर में नजरबंद कर दिया। नजरबंद किए जाने वाले नेताओं शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता और कांग्रेस एस सी एस टी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अश्वनी कुमार भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए 17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा घेराव का ऐलान किया है।
शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने सोमवार की रात्रि " न्यूज नजरिया" को स्वयं के हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कमलानगर थाने के पुलिसकर्मियों ने सायं चार बजे उनके निवास पर पहुंचकर घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी। ये पुलिसकर्मी देर रात तक कमलानगर स्थित उनके घर पर जमे रहे। दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रातभर के लिए वहीं लगा दी गई है।
राजीव गुप्ता ने बताया कि उन्हें शहर अध्यक्ष अमित सिंह को भी घर में ही नजरबंद किए जाने की जानकारी मिली है। कांग्रेस एस सी एस टी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अश्वनी कुमार को भी हाउस अरेस्ट किया गया है।
राजीव गुप्ता ने कहा कि जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार देश के सबसे गरीब तबके के लिए गरिमा, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी देने वाले इस कानून को कमजोर करने और खत्म करने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता पर बढ़ती पकड़ को देख प्रदेश सरकार घबरा गई है और इसीलिए कांग्रेसियों के दमन के कुटिल प्रयास कर रही है।
__________________________________
Post a Comment
0 Comments